Friday, April 27, 2012

बात अब कविता की


कविता की 
बात अब मत पूछ यार!
वह है सम्पूर्ण जीवन व्यापार.
जिसने सुनी नहीं, पढ़ी नहीं
लिखी नहीं कोई कविता.
समझो बही ही नहीं उसके
जीवन में रस की कोई धार.
सुखट्टू ..और निखट्टू ..
है वह, केवल जीता है,
क्योकि जीना है उसे.
मरना वह जनता ही नहीं.
और जो मरना नहीं जनता,
वह जीना क्या खाक जानेगा?

यह जीवन 
तो कविता नहीं, 
जीवन तो है क्षणभर का.
कविता मगर नहीं क्षणिका .
जी ले जीवन जो क्षण भर ही 
जीवन उसका समझो कविता.

कविता 
तो शब्द सरिता है जो 
स्रोत से फूट कर बहती है.
जिसमे शब्द ध्वनि उछलती है
कूदती है, फुदकती है, डूबती है
तैरती है...फूटती है..पुनः पुनः
उगती.बनती और .रंग बदलती है....

कविता,

शब्दों में ही नहीं बहती
संकेतों में ही नहीं झरती
बादलों में ही नहीं कड़कती.
मेघों से ही नहीं बरसात.
भाव- स्वभाव में भी बहती है.
जीवन में हर रंग घोलती है.

कविता,
अश्रु जल से यदि 
मित्रता के पाँव पखारती है 
मित्रभाव शिखर तक पहुचती है
तो नयनों की धार में
इस धरा को डुबोती भी है.
अन्त नहीं इस कविता की 
ऊंचाई और गहराई का.


कविता,
संकेत प्रतीकों में भी बहती है,
झरना प्रपात सा उछलती कूदती है.
और सबसे प्यारी कविता तो वह है
जो प्रेषक और संग्राहक के बीच.
संकेत और मौन में बहती है.
संकेतात्मक कविता जीवन की सौगात
सुना नहीं है?  क्या पता नहीं है ?
'भरे भवन में करत हैं नैनं ही सो बात'.

कविता 
कोई विकार नहीं
मानसिक तरंगों का आकार है. 
ध्वनि ऊर्जा से भाव ऊर्जा तक
आसानी से पहुचती है और
बड़ी प्रबलता से अपनी बात कहती है.

कविता है 
वीरांगना, चंडी रणचंडी 
जो जगाती है -
जोश शौर्य साहस सत्साहस.
शत्रु दमन तो सरल है, 
शस्त्र भी कर सकता है यह.
परन्तु कविता शत्रुता 
और दुश्मनी मिटती है.
शत्रु को भी मित्र बनाती है.
कवता सिखाती है जीने की 
कला, और मरने का ढंग.

कविता, 
केवल कागजों डायरियों और 
कनवास पर ही नहीं लिखी जाती.
य्ह्पूरी प्रकृति एक काव्य है.
आकाश धरती चाँद सितारे
उपवन खिलते फूल ये सारे
इन्द्र धनुष पतझड़ बसंत
शीत ग्रीष्म ये रूप अनंत.
ये एक-एक सर्ग, अध्याय हैं
इस प्रकृति महाकाव्य के.

कविता,
लय राग और छंद की भूखी नहीं.
इसलिए प्रत्येक संवेदी व्यक्ति
एक मन पसंद कविता गुनगुनाता है.
कुशल गायक भले संतुष्ट न कर सके उसे.
लेकिन स्व-गायन संतुष्ट कर जाता है.
अपनी उलझनों का समाधान
वह इस कविता में ही पा जाता है,'




 .

Thursday, April 26, 2012

हाँ, सो रहा था मैं


कहते हो प्यारे!
तो मान लेता हूँ,
हाँ, सो रहा था मैं.
चहरे पर देखा होगा 
रंग तूने हास का.
मगर तुझे क्या पता?
तब रो रहा था मैं.
हास के दर्द को
तब ढो रहा था मैं.

हर बार आंसू गिरना ही 
रोना नहीं होता.
हर हास भी ख़ुशी का 
प्रतीक नहीं होता.
जैसे हर आंसू भी 
दुःख में सना नहीं होता.
आंसू हर्ष - उल्लास के 
अतिरेक में भी बहते हैं.
शबनम के मोती झरते है.
क्या रोना.. 
उसे तब भी कहते हैं.?

हाँ, सो रहा था मैं..
लेकिन खुले हुए थे नैन.
खुले हुय्र थे बैन,
खुला हुआ था कान.
सोया था या जगा हुआ, 
अब तू ही इसे पहचान.

कुछ जप रहा था, 
कुछ तप रहा था.
क्योकि 
पलायन वादी नहीं,
समाज का रोगी हूँ.
क्या करूँ भोगी नहीं
कर्मठ योगी हूँ.

जब देखती दुनिया 
वाह्य जगत को,
योगी अन्तः जगत 
को देखता.
जब सारी दुनिया 
नींद में होती
योगी दुनिया की 
गति देखता.

                          जय प्रकाश तिवारी
                             26 - 04- 2012



Wednesday, April 25, 2012

तख़्त और दरख़्त


तू वहीँ रह !
वह जो ऊंचा तख़्त तेरा.
अपनी जगह को 
खूब पहचानता हूँ मै.

शोभायमान तू खूब है
इस ऊंची जगह पर,
अवतरण हो तेरा,
मुझ नाचीज खातिर,
हरगिज नहीं चाहता हूँ मै.

देखकर आहें न भरना
मेरी दशा का कारण तू नहीं.
चाहो तो लुढका देना एक कंकरी.
अब कब शांति चाहता हूँ मै?

मेरे लिए क्या कम है यह?
हो विराजमान जिस तख़्त पर;
सूखा उसका दरख़्त हूँ मै.

                                जय प्रकाश तिवारी 
                                संपर्क: ९४५०६०२२४० 

Tuesday, April 24, 2012

कहनेवाले इसी को कालोनी/शहर कहते हैं.

जहां रहता हूँ मैं वहाँ कुछ ही वर्षों में कट गए हरे पेड़.
उग आये हैं अब नए - नए पेड़, बाग़, उपवन और बगीचे.

सजीव लताओं के नहीं, पत्थरों कक्रित, मौरंग सीमेंट के.
यहाँ हरियाली भी है क्योकि लोगों ने पुतवा रखीं हैं दीवारें.


यहाँ चिड़िया नहीं चहकती, यहाँ महिलाएं चहकती है.
यहाँ भौरे नहीं गुनगुनाते, यहाँ मनचले गुनगुनाते हैं.
यहाँ मधुमक्खियों के छत्ते, दूर तक भी नजर नहीं आते, 

लेकिन कमी खलती नहीं, यहाँ आदमी ही डंक मारते है.

इस बाग़ में स्वच्छ  सुरभित वायु नहीं मिलती.
यहाँ पर मिलती है - नालियों की सड़ी बदबू.
सड़कों से उड़ते कागज़ पन्नी, पाउच के टुकडे.


सावन में यहाँ कजरी नहीं होती, 
छत पर भी कभी झूले नहीं पड़ते.
लोग जरूर झूल जाते है पंखों से. 

लोग आपस में न गले मिलते हैं
न लट्ठ चलते है, गाव की तरह.
यहाँ कट्टे और आग्येयास्त्र चलते हैं.

पालतू चौपाया भी सड़कों पर घूमते हैं.
स्पंदन - संवेदनाएं तो कहीं दीखती नहीं.
आखिर हम पत्थरों के बाग़ में रहते हैं,
कहनेवाले इसी को कालोनी/शहर कहते हैं.

Monday, April 23, 2012

बात की बात

बात की बात में हम 
यूँ ही बोल जाते हैं कई बात.
लेकिन क्या जानते हैं-
उस बात की पूरी बात ?

कोई बात: मात्र एक बात नहीं,
यह होती है उसकी - 'औकात'.
होती है पहचान उससे ही
उसके व्यक्त्तित्व की,
देश की, धर्म की, जाति की.

जिस बात में न हो दम,
मत करो उसकी कोई बात.
करना हो तो करो उसकी बात
जो बात की बातों में दे दे,
बड़ो - बड़ों को भी मात.
कुछ कर दे ऐसी बात कि
चतुर्दिक हो उसी की बात.

बात तो दरअसल वह 
जो बना दे बिगड़ी बात.
लाये सबकी ख़ुशी के लिए
एक से बढकर एक सौगात.

हमें याद है माँ की सिखाई बात,
बात वह जो न पहुचाये आघात,
लेकिन कर दे करामात.
जगा दे झकझोर कर उन्हें 
जो अभी भी निद्रा और तंद्रा में.

इतना तो जनता हूँ -
बात वह शक्ति, बिगाड़ा काम बना दे,
बात वह शक्ति, बनता काम बिगाड़ दे.
बात से मिलती यहाँ, सोने की जंजीर,
मिलती यहाँ बात से ही, लोहे की जंजीर.

आखिर बात में ऐसी क्या बात है?
क्यों करता दोनों तरफ आघात है?
यदि बात मिल जाय तो पूछू उससे,
अरे यार! किस मिटटी का बना है तू?
किस कालेज में आखिर पढ़ा है तू?

अरे प्यारे !  इतना तो बता दे-
क्या है तेरी असली राज की बात?
कुछ सिखा दो न हमें भी...,
बन जाए जिससे हर बिगड़ी बात.







Sunday, April 22, 2012

यादें



आज फिर
जाने क्यों
तेरी याद आई
तो बहुत.. आई.

खो गए थे
जो पुराने शब्द.
अपने साथ वे,
भावार्थ लाये
बहुत कुछ
निहितार्थ लाये.

जनता हूँ
खो गयी है
पहचानने की
शक्ति तेरी.

जानकर
यह स्थिति
मेरे अनुराग,
मेरी प्रीति
और भक्ति
और भी
बढ़ गयी है.

Friday, April 20, 2012

वार्तालाप हुई जब हिंदी से


क)  जिज्ञासा :

हे काव्य! तुम्हारा गुरु है कौन?

कुछ तो बोलो, क्यों हो तुम मौन?
कहाँ से पाई सूक्ष्मतर दृष्टि यह?
अतल - वितल तेरे रहता कौन?

कैसे करती शब्द श्रृंगार  तुम?
यह विरह कहाँ से लाती हो?
रहस्य रोमांच का सृजन कैसे?
पल भर में तुम कर जाती हो.

कभी लगती  हो तुतलाती  बच्ची,
कभी किशो री  बन जाती हो,
क्षणभर में तू रूप बदलती कैसे?
कैसे कुलांच भर जाती हो?

तेरी एक झलक पा जाने को,
कुछ नयन ज्योति बढ़वाते हैं.
कुछ तो हैं इतने दीवाने,
नित नए लेंस लगवाते हैं.

नजर नहीं आती फिर भी तुम,
क्या इतनी भी सूक्ष्म रूप हो?
दिखती फिर तुम सूर को कैसे?
तुलसी घर चन्दन क्यों घिसती हो?

बैठ के कंधे पर तुम रसखान के,
कबिरा  के संग खूब घूमती हो.
रास रचाए तू  संग बिहारी के,
घनानंद प्यारे को क्यों छलती हो?

नीर की बादल बनी है महादेवी,
यशोधरा गुप्त है दिनकर उर्वशी,
प्रसाद है खेलत संग कामायनी,
पन्त है छेड़े चिदंबरा रागिनी.

वीणा बजाये निराला के संग तू,
मीरा को खूब तू नाच नचाये है,
कालि के मेघ को नभ में नचावत,
श्याम का चेतक धूम मचाये है.

केशव बैठ के केश निहारत,
उम्र बढ़ी पर कवि ना कहायो,
रचा ग्रन्थ को हठ्वश अपने,
कठिन काव्य के प्रेत कहायो.

ग्रन्थ लिखाए तू व्यास के हाथ से,
राधा की तन पर कान्हा नचायो है,
जाना रहस्य ना कोई तुम्हारा,
उम्र तलक तुम नाच नचाये है.

क्या तुम महेश की मानस पुत्री?
अथवा विरंचि  की भार्या हो?
या हो वाग्दत्ता बाल्मीकि की,
या हिंद की लाडली आर्या हो?

क्या 'क्रौंच आह' से जन्म तेरा?
अश्रु स्वरों तेरी धार बही?
अगणित है बधिक अब घूम रहे,
क्यों ना उनके अंतर कोई आह उठी?

याद करो! तू ने ही कहा था -
"सन्देश नहीं मै स्वर्ग लोक का लाई,
इस भूतल को ही स्वर्ग बनाने आई."
संकल्प तेरा क्यों टूट रहा अब?
ये कौन सी रीति तुने अपनाई है,
सोचा बहुत पर सोंच न पाया.
बात क्या तेरे ह्रदय में समायी है?

जान न पाया तुम्हे अब भी मै,
गुरूद्वारे का अब तो मार्ग बताओ.
हे काव्य तुम्हारा गुरु है कौन?
कुछ तो बोलो, क्यों हो तुम मौन?
 

ख)   उपालंभ :

छोड़ो परिचय की बातों को,
माँ-बाप बिना कोई परिचय क्या?
मैं क्या बोलूं ? मैं क्यों बोलूं?
तेरे आगे अपना मुंह क्यों खोलूं?

भारत भूमि का नाम भूल गए,
इंडिया - इंडिया अब जपते हो.
भूल गए जब प्यारे हिंद को,
हिंदी को कब पहचानोगे?

वेलकम - वेलकम तो खूब करते हो,
वन्देमातरम्, सुस्वागतम कभी कहते हो?
मैं क्या बोलूं ? मैं क्यों बोलूं?
तेरे आगे अपना मुंह क्यों खोलूं?

जब पूछा है तो कुछ कहना है,
पड़ रहा मुझे देना परिचय.
आह! निज गृह में ही अपना परिचय
परिचित को भी देना होगा परिचय?

परिचय यह, क्या सजा से कम है?
बदल गए मेरे घर वाले, यही बड़ा गम है.
जैसे रही न सदस्या इस घर की
क्या यह देश निकाले से कम है?

सॉरी - सॉरी कह करके फिर
दिन - रात वही सब करते हो.
मैं क्या बोलूं ? मैं क्यों बोलूं?
तेरे आगे अपना मुंह क्यों खोलूं?


ग)  परिचय:

मैं तो हिंद की बेटी हूँ
और नाम मेरा है हिंदी.
भाल पर इसके सुशोभित है जो
हूँ मैं वही चमकती बिंदी.

यहीं से पाया नेह और दीक्षा,
यहीं से पाई प्रथ्निक शिक्षा.
पैदा हुयी संस्कृत की गोदी
पालि के संग खेला है.

ये प्राकृत और अपभ्रंश तो
मेरा ही पुराना चोला है.
जब भारत बन गया हिंदुस्तान
नाम पड़ गया मेरा हिंदी.

जब हुयी सयानी, बड़ी हुयी
ब्रज - अवधी चोला में खड़ी हुयी.
फिर निखर जो रोप्प, वह खड़ी बोली
पद्य के संग - संग अब गद्य चली.

मैं तो हिंद की बेटी हूँ
और नाम मेरा है हिंदी.
भाल पर इसके सुशोभित है जो
हूँ मैं वही चमकती बिंदी.