Sunday, January 15, 2012

खोज यह किसकी: प्रज्ञान की या विज्ञान की?


'तम' काला था अँधियारा था
दुर्गम - दुर्बोध - भयंकर था.
नेत्रों से बरसते, जब अंगारे,  
शूरमाओं को दीखते तब तारे.
जहाँ डर के हुए वे शरणागत,
और नहीं, प्रस्थर - शंकर थे.

सुन आराधना प्रज्ञान जगत की,
देख साधना विज्ञान जगत की,
'तम' ने अपना आवरण हटाया,
असली अब रूप प्रकट हो आया.

काली कुरूप भयंकर थी जो,
विकराल-काल-प्रलयंकर जो,
हो गयी वह 'क़ाली' से गोरी.
'गौरी' नाम अब उसने पाया.

पर्वत-पहाड़ियों-प्रस्थर में थी,
जब तक सुषुप्त वह क़ाली थी.
जब हुयी प्रकट आवरण तोड़.
'अग्नि' रूप वह गोरी सी थी.

ठन  गयी  है  अब  दोनों ही में,
प्रज्ञान जगत, विज्ञान जगत में.
यह कहता 'देवी है', खोज हमारी है.
वह कहता 'ऊर्जा है' खोज हमारी है.

दोनों  ने  उसे  पर्वत  में  पाया,
अपना  अलग  सिद्धांत  बनाया.
कहता उसको 'शैलजा', 'पार्वती',
'हीट' और 'ऊष्मा' कहे उसे दूजा.

यह कहता 'देवी', परम चैतन्य,
वह कारण है मूल, वह चंचला है.
वह भी कहे कारण है, चंचला है 
चैतन्य नहीं, वह केवल ऊर्जा है.

'तम'  ने हो मुखर दिया निर्देश,
क्यों लड़ते हो, करते हो क्लेश.
शिला पर कालिमा खुद चढाओ,
श्यामपट्ट बनाओ, सत्य फैलाओ.

जो चंचला है, वही  'चिति'  है
जो शांत रूप, वह शिवशंकर है.
यह 'शक्ति' ही 'शिव' की ऊर्जा है,
बिना शक्ति, शिव भी प्रस्थर है.

हमने पाया है अब तक जो ज्ञान
इस तम का ही है सारा वरदान.
लड़ रहें हैं हम बना करके खेमा,
कितने  बड़े  हम  हैं -  नादान'.



Thursday, January 12, 2012

चिंतकों से एक छोटा प्रश्न

एक ऐसा समाज, ऐसा राष्ट्र,
जो बसता है सितारों के पार.
जो दीखता है बस ख़्वाबों में,
परियों की कथा-कहानियों में.
नीति शास्त्र के चिंतन-वचन में,
आदर्शवाद की परिकल्पना में,
सजाई रंगोली और अल्पना में.

क्या इसका सृजन -
धरा पर नहीं हो सकता?
यदि नहीं तो क्यों?
और यदि हाँ तो कैसे?
आपके मनमे भी तो उठते 
होंगे अनेक प्रश्न हमारे जैसे?
यदि प्रश्न है तो उत्तर भी है,
बिना उत्तर के प्रश्न कैसे?

समीक्षक हो तो लिखो न एक समीक्षा.
यदि परीक्षक हो तो लो न एक परीक्षा.
हमारे इस आध्यात्मिक तट बन्ध की.
सन्नाटे के इस रोचक सुमधुर छंद की.

प्रगति के इस घनघोर पतन की.
पतन के उल्लेखनीय प्रगति की.
हमारे राजनैतिक द्वेष- दुर्गन्ध की.
इस सामजिक सांस्कृतिक छंद की.

Saturday, January 7, 2012

एक मौन वार्तालाप


इसने नजरें उठाई, उसने सुना -

"जीवन अब बीत गया मेरा..
फिर भी जाने क्यों प्रतीक्षा तेरा?
कभी तो समझोगी मुझको, 
यह सोच के धैर्य धरे मन मेरा.

कैसे कह दूँ जो कह नहीं पाया? 
ऐसा भी नहीं तेरे समझ न आया.
पहले- पहले की झिझक ने शायद
दोनों को है यह दिन दिखलाया.
मैं क्यों अन्दर से खौल रहा था ?
जब तेरा आदमी तुझ पर बरस रहा था.
तूने खून पिलाकर पाला जिसको,
वह भी तो कैसा उबल रहा था.

इजहार नहीं कर सकती ही तुम!
प्रत्कार नहीं क्यों करती हो?
केवल दो जून की रोटी खातिर,
इतना अपमान क्यों सहती हो?"

उसने नजरें झुका लीं, इसने सुना-

"जिसे देते संज्ञा अपमान की तुम,
वही  असली  धैर्य  है  नारी  का.
पति  और  पुत्र  दोनों  को  ही.
संभालने का पुनीत दायित्व है नारी का.

न  करो  मुझे  निर्बल  इस  तरह,
अंतर  का बल - संबल तो तुम ही हो.
बिन रिश्ते, जीवन तुमने वार दिया,
उनसे तो मेरा रिश्ता है, सीख तूने ही दिया."

दोनों ने एक दूजे को देखा:
दोनों ने शून्य गगन को निरखा,
फिर नील गगन से नीर चुराकर,
एक  दूजे  को  सिर  झुका  दिया.
अपनी वार्तालाप को विराम दिया.


Friday, December 30, 2011

अन्तर प्रभात और रात्रि का



भोर का ताजगी भरा मौसम
जब चहचहाती हैं चिड़ियाँ,
जब फुदकती है गिलहरियाँ,
रंभाती हुई दौड़ती हैं गौएँ,
जब बरसात है पानी रिमझिम
मंद पवन से एक लय बनाकर,
जब विखेरता है उसे संगीतमय 
प्राण शक्ति के रूप में तब वह 
प्राण-वायु भागता है -'अवसाद'.
सारी उलझनें, सारी समस्याएं,
मन की निराशा और हताशा.
देता है वह एक अतिरिक्त ऊर्जा,
एक नवीन सोच, एक निदान,
एक समाधान उन अवसादों को
दूर भगाने, मिटाने के लिए 

जिसे 
थोप दिया था, रात के अँधेरे ने.
कमरे में चल रहे न्यूज चैनलों ने,
हमारी अपनी ही संवेदनाओं ने.
मुलायम विस्तार पर पड़ी हुयी 
सुगन्धित फूलों के कंटकों ने.

भयावह स्वप्न ने भी 
देखो क्या कमाल किया,
उसने तो भगा दिया था.. 
उस अन्तरंग मित्र को जो, 
न जाने कब आ गयी थी 
चुपके से, क्षणिक आराम पहुचाने,
थपथपाने, अपने गोद में सुलाने, 
उस अन्तरंग मित्र, प्यारी नीद को.
लेकिन इस संगीतमय भोर ने 
सोयी अन्तः प्रज्ञा जगा दिया, 
प्रभात की ताजगी और रात्रि का,
सारा अंतर विधिवत बता दिया.

Sunday, December 25, 2011

गति ही मेरी पहचान है



जिंदगी   गतिमान   है..
गति  ही  मेरी  पहचान है.
हों मार्ग में बाधाएँ जितनी 
आये अब अवरोध कितनी?
क्या राह रोक पाएंगे मेरा?
आएगा अब उज्ज्वल सबेरा.

इस राह  का राही हूँ मैं
लेकिन नहीं आग्रही हूँ मैं.
है  मुझे  मंजूर  सबकुछ
यह भी सही, वह भी सही.
हो नील गगन या हरी मही.
हमें काटना है तिमिर घनेरा
आएगा अब उज्ज्वल सबेरा.

राह  की  मर्जी  है  यह तो;
फूल  दे  या  शूल  पथ  में?
पर रोक नहीं  पायेंगे  हमको.
सुगन्धि  में  रुकना  नहीं और
चुभन  में  भी  झुकना  नहीं है.
दे रही आवाज मुझको है सवेरा
आएगा ....अब उज्ज्वल सबेरा.

जीवन  तो  नित संग्राम है
कहीं  दृश्य  नययाभिराम है
तो  मचा  कहीं  कोहराम  है.
कह लो जीवन, या मौत उसे
वह  गति  में  एक विराम है.
हर तिमिर के बाद आता सवेरा
आएगा... अब उज्ज्वल सवेरा.

इस विराम की एक विशेषता
देता है अवसर एक सुनहरा.
शोधन और परिशोधन का
परिवर्द्धन और संशोधन का.
लक्ष्य को फिर से पा जाने का
नभ में फिर से छा जाने का.

सितारों के भी पार जाना, लक्ष्य मेरा.
करूँ प्रक्रीर्णित वहीँ से निर्मल प्रकाश,
छोड़ भागे, इस मही को तिमिर घनेरा, 
आएगा, आएगा अब उज्ज्वल सबेरा.
आएगा, आएगा अब उज्ज्वल सबेरा.

Saturday, December 24, 2011

समीकरण: तम, साया और प्रकाश का

है यह मौन ही -
जो बार-बार प्रस्फुटित होता.
हर बार एक ही कहानी,
नए सिरे से, नए रूप में कहता.
ना ना निगम पुराण उपनिषद्,
भिन्न-भिन्न नामों से रचता.

यह मौन: 
शान्ति में श्रृंगार पाता,
निःशब्दता में मुखरित होता.
मौन की इस दिव्य आभा में,
जिसने भी किया प्रवेश;
उसने देखा, स्पष्ट देखा है -
तम को, प्रकाश के साथ.

लेकिन है वह साया ही,
जो नायिका बन नहीं पाती,
तम प्रधान्यता के कारण ही,
दर्जा खलनायिका का पाती.
और नायकत्व हर बार ही,
प्रकाश के हिस्से में आता, 
जो किरण को नायिका बनाता.

यही क्रम
चल रहा है युगों-युगों से,
बार-बार,अनवरत-लगातार.
अब आ गया है वह समय,
जब तम को भीअपनी ,
महिमा बतलाना होगा.

लेकिन
वह तो है परदे के पीछे.
पर्दा को अब उठाना होगा,
सामने सब के आना होगा.
दायित्व है यह विज्ञान का,
आखिर उसी ने खोजा है.
'डार्क मैटर' और 'डार्क एनर्जी'.
आगे उसको ही आना होगा.
प्रज्ञान और विज्ञान दोनों को,
मिलजुलकर इसे सुलझाना होगा.
प्रज्ञान का भरपूर साथ निभाना होगा.

Friday, December 2, 2011

सितारों के उस पार का संसार

सुना है -
सितारों के भी आगे
आकाश गंगा में बसा हुआ
एक संसार और भी है,
जहां अशुभ और पाप का
अनाचार और भ्रष्टाचार का
नामोनिशान भी नहीं.



यदि है
ऐसा कुछ तो
जायेंगे एक बार जरूर.
यही देखने के लिए,
परखने के लिए.



जानता हूँ,
लौटकर वापस
फिर यहीं आना है,
इसी धरती पर,
अपने इसी देश में.


क्योकि
कलुषित मन और
दूषित तन का
नहीं है वहाँ गुजारा.

लेकिन,
रुकना भी किसे है वहाँ?
हमें तो केवल जानना है -
वह सूत्र, वह सिद्धांत,
वह कर्म, वह धर्म, वह मर्म.
जिसके कारण वहाँ ऐसा है.

उस सूत्र को,
उस सिद्धांत को
आजमाएंगे,अपनाएंगे,
पूरे विश्व में फैलायेंगे.
और इस जहां को ...
अपनी मातृभूमि को,
उस जहां से भी 

सुन्दर बनायेंगे.