Sunday, March 14, 2010

शिक्षा द्वारा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण : वैश्विक संदर्भ में

पुनर्निर्माण शब्द ही असंतुष्टि भाव का द्योतक है, इस शब्द का एक निहितार्थ यह भी है कि राष्ट्रीय अपेक्षाओं कि पूर्ति नहीं हुई है, परन्तु इस शब्द में ही सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि इस निराशायुक्त शब्द में भी कहीं न कहीं आशा का एक रचनात्मक भाव भी प्रेरकतत्व के रूप में अंतर्निहित है;. इस आशा के साथ कि अब जो भी होगा सार्थक होगा, इससे भूत कि भूलों को सुधारा जा सकेगा, भविष्य के लिए लाभकारी होगा; यही इसकी सर्जनात्मक उर्जा शक्ति है, यही इसकी उपयोगिता है और उपादेयता भी. इसे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर सोचना, योजनायें बनाना, वह भी शिक्षाविदों कि संगोष्ठी में, शिक्षा के माध्यम से. यह कंचनमणि संयोग ही कहा जायेगा.

यहाँ प्रश्न उठता है कि यह अपेक्षा किसे है और क्यों है? निश्चित रूप से यह अपेक्षा एक राष्ट्र की है और अपने संवदनशील, प्रबुद्ध नागरिकों से है, क्योंकि वही चिन्तनशील बौद्धिक नागरिक, एक निकाय के रूप में स्थानीय स्तर पर और सरकार के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर इसका संचालक है. वही इन लक्ष्यों का निर्धारक है, समीक्षक है और लक्ष्यपूर्ति के आभाव में, पुनर्निर्माण का प्रेरक भी.

राजनितिक दृष्टि से हमने स्वतंत्रता ६२ वर्ष पूर्व प्राप्त कर ली है, हमारी सरकार ने राष्ट्रीय प्रगति हेतु राष्ट्रीय कार्यक्रमों को बनाया, धन की, संसाधनों की हरसंभव व्यवस्था की, परन्तु अपेक्षित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हुई. आखिर क्यों? जिस सरकार में अपने देश के नागरिक, शासन-प्रशासन में अपने देश के नागरिक, प्रबंधन - व्यवस्थापन - अधिकारी - कर्मचारीगण, सभी देश के नागरिक; फिर भी लक्ष्य की प्राप्ति नहीं, ऐसा क्यों? हमें इसपर विचार करना होगा, मिल बैठ कर चिन्तन करना होगा और समाधान ढूढना होगा. माना कि भूत की सीढ़ी को ढोना शायद उचित नहीं, परन्तु क्या भूतकाल के इसी चितन-समीक्षा में नहीं छिपे हुए है समाधान के सार्थक बीज? कारण चाहे जितने गिना दिए जाय, परन्तु इन सभी में सबसे महत्वपूर्ण कारण है -"शिक्षा" .

आज की शिक्षा धनोपार्जन की और मुड चुकी है. धन की चकाचौघ ने, अकूत सम्पति की चाह, आर्थिक स्वतंत्रता की लालसा ने, 'स्वतंत्रता' शब्द के अर्थ - निहितार्थ को ही बदल डाला है. स्वतंत्रता का अर्थ कहीं न कहीं स्वछंदता ने ले लिया है. यह अलग बात है कि सीधे-सीधे इसे कोई भी स्वीकार नहीं करेगा. आर्थिक स्वतंत्रता की लालसा में कहीं न कहीं हम अपने दायित्व - जिम्मेदारी - कर्तव्यपरायणता से न केवल समझौता करने लगे हैं बल्कि यदि लीक से थोडा हट कर कार्य करने से, जिसमे जीविका जाने का खतरा न हो, तो उसे करने में हिचक नहीं, चाहे इसमें राष्ट्रीय क्षति क्यों न हो रही हो. ऐसे अनेकानेक मामले प्रकाश में आये हैं, अधिक कहने की आवश्यकता नहीं. यह चिंता का विषय है और साथ ही चिंतन का भी.

"क्या थे, क्या हैं, होंगे क्या ? / अब यही बैठ के सोच रहाँ हूँ / शिक्षा में ह्रास भिक्षा की आस / हर बात में पश्चिम देख रहा हूँ / चिंतन की गिरावट धन कि लोलुपता / रिश्तों की बर्बरता देख रहा हूँ ..."

"समाज के तीन सजग प्रहरी / खादी, खाकी और टाई / समाज के तीन कर्णधार / अभियंता, डाक्टर और शिक्षक / परन्तु क्या कहूँ इनकी गति / कैसी हो गयी है इनकी मति / कभी - कभी तो ये / ऐसे कार्य करने में भी नहीं शर्माते / जिसे कहने में हमें शर्म आती है... "

"आज शिक्षक रूपी माली / कुम्भकार, शिल्पकार और कथाकार / हैरान है, परेशान है..../ सोचा था यह डाली / लाएगी - फल, फूल और हरियाली? / परन्तु हाय! इस डाली से / क्यों टपकी यह खून की लाली? / देखो! यह कैसा अनर्थ है? / क्या हमारी शिक्षा ही व्यर्थ है? / हमारे श्रम में तो कोई खोट नहीं थी मेरे मित्र! / फिर इस आकर्षक घट में, / मृदुल जल की बजाय छिद्र क्यों है? / इन नवीन कहे जाने वाले कृतियों में / संगीत के स्वरों में / ओज और माधुर्य के स्थान पर / नग्नता और विकृति क्यों है?


यदि उपरोक्त समस्याओं के मूलभूत कारणों को ढूढा जाय तो हमें शिक्षा पद्धति में संशोधन की आवश्यकता परिलक्षित हो रही है. शिक्षा में यह संशोधन किस प्रकार का होना चाहिए? अथवा किया जा सकता है, आइये देखें, समाधान ढूंढें -

कारण है सबका ही एक / नहीं किया तूने शिक्षा और विद्या में भेद / इसी विद्या के अभाव में, / शिक्षा का उत्पाद दम्भी अभियंता / विकास के नाम पर देश का धन चूसता है, / डॉक्टर चिकित्सा के नाम पर अभिवावकों का खून चूसता है, / काली कोट सफ़ेद टाई वाला / संविधान की मर्यादा चूसता है / ऐसे से में हैरानी क्यों है? / समझो टहनी में लाली क्यों है?

विद्या और शिक्षा में अंतर :

विद्या है - मानव को / महामानव में रूपांतरण की तकनीक / मानव के अंतर की / टिमटिमाती दीप को / प्रदीप्त और प्रखर करने की / अचूक रीति. विद्या लभ्यज्ञान है - स्वानुभूति है, भूमा है / यह नित्य है, सत्य है / और शिक्षा श्रब्यज्ञान है - पुस्तकीय है / व्याख्यान है, अख्यान है / सत्याभास है / यह स्वप्रधान / कामप्रधान, रागी-विषयी / और भोगप्रधान है / विद्या संपूर्ण ज्ञान / स्वानुभूति और आत्मोपलब्धि है / तत्व साक्षात्कार है; / यह सर्वगत, समष्टिगत / समदर्शी, तत्वदर्शी, वीतरागी / योग - प्रधान है / इसलिए शिक्षा के उत्पाद को / सुख - शांति की / सर्वदा तलाश है / जबकि 'सुख शांति संतोष' / तो विद्या का / स्वाभाविक दास है / मेरे मित्र! अब तो ग्रहण करो / विद्या को / इस तरह खड़ा / तू क्यों उदास है ?


सुझाव :

आज इस बात की महती आवश्यकता कि शिक्षा के साथ विद्या को भी अनिवार्य रूप से जोड़ दिया जाय क्योंकि शिक्षा ढेर सारी आय, धनोपार्जन का साधन तो हो सकती है, परन्तु; उसके उपयोग - सदुपयोग की कला तो विद्या के ही पास है. विद्या के अभाव में जाने -अनजाने हो रहा ज्ञान का दुपयोग ही वैश्विक कलह का कारण है, जिसका संधान इस विधि से संभव हो सकता है आज विश्व में दो रुझान, दो प्रकार की गतिविधियाँ कहीं भी बड़ी आसानी से दीख पड़ती हैं.

(i) वैज्ञानिक वृत्ति और इसके क्रिया कलाप:
वैज्ञानिक वृत्ति और इसके क्रिया कलाप समाज में क्षैतिज प्रगति को प्रदान करता है. रहन - सहन को, बाहरी परिवेश को, हमारी सभ्यता को प्रदर्शित करता है. यह जीवन प्रदाली को सरल, सुविधाभोगी ...और विलासिता पूर्ण बनता है. वहां आधुनिकता के नाम पर मानवीय मूल्यों में ह्रास और उपहास का भाव प्रायः वहां दिख पड़ता है. आज की सर्वाधिक जटिल समस्या ग्लोबल वार्मिंग की समस्या, जंगलों की कटाई, पालीथीन का प्रचलन, जैविक - आणविक हथियारों का सृजन, वैश्विक अशांति, प्राकृतिक संसाधनों, पेट्रोलियम इत्यादि पर अधिपत्य की लालसा इसी वैज्ञानिक वृत्ति और इसके क्रिया कलाप की दें है.

(ii) आध्यात्मिक वृत्ति और इसके क्रिया कलाप:
आध्यात्मिक वृत्ति और इसके क्रिया कलाप समाज को लम्बवत प्रगति प्रदान करता है यह कठिन साधनामय जीवन है. यहाँ उर्द्वार्धर प्रगति की भावना कभी-कभी इतनी बलवती हो जाती है की व्यक्ति सामाजिक जीवन से पलायन कर अरण्यवासी हो जाता है. अथवा कुटिल और पाखंडी व्यक्ति इस कश्र्त्र को अंधविश्वास, सामाजिक कलह का कारण बना दिया करते है.

सुझाव :

क्या पुनर्निमाण के प्रसंग में आज सर्वाधिक आवश्यकता इस बात की नहीं है कि जिस प्रकार शिक्षा के साथ विद्या को जोड़ने कि आवश्यकता महसूस कि जा रही है, ठीक उसी प्रकार विज्ञानं और अध्यात्म के सर्जनात्मक पक्ष को जोड़ दिया जाय? इस सुधर से होगा यह कि विज्ञानं संवेदनशील बन जायेगा और अध्यात्म अंधविश्वास जैसी प्रत्गामी प्रवृत्तियों से उपर उठ कर सामाजिक प्रगति का सूत्रधार बन जायेगा. अब हमारी प्रगति न केवल क्षैतिज होगी, न केवल लम्बवत होगी अपितु संतुलित होगी. इसकी आवश्यकत न केवल सामाजिक स्तर पर है, न केवल राष्ट्रीय स्तर पर है; अपितु इसकी सर्वाधिक आवश्यकता तो वैश्विक स्तर पर है. यह प्रत्येक नागरिक का चाहे उसकी भाषा, बोली, राष्ट्रीयता चाहे जो हो, सभी का पुनीत कर्त्तव्य बन जाता है कि इस उद्देश्य कि प्राप्ति में सहयोग करे.

निष्कर्ष रूप में हम कह सकते हैं कि -
"क्या यह उचित नहीं होगा / कि प्रगति और उत्थान / संतुलित और सुनियोजित किया जाय / संतुलन और समग्रता कि स्थिति में / हर प्रगति बन जाएगी / एक त्रिज्या / और हम एक वृत्त / इस वृत्त के सुविचार रूपी त्रिज्या को / सद्भावना से अभिन्चित कर / श्रमशीलता के उर्वरक से / मनोवांछित वृत्त के संरचना में संदेह नहीं / और वृत्त क्या है? / सम्पूर्णता का बोधक जिसे स्वीकार किया है / विज्ञानं और अध्यात्म दोनों ने एक साथ....."इस प्रकार राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में जिस दायित्व बोध की कमी परिलक्षित हो रही है, उसे दूर कर संतिलित प्रगति की जा सकती है. इस प्रकार न केवल राष्ट्र स्तर पर अपितु वैश्विक स्तर पर सार्थक और सृजनात्मक परिवर्तन की सुखद की जा सकती है.

Saturday, March 13, 2010

राम के निवेदन का निहितार्थ और उसकी प्रासंगिकता:

लोककल्याण हेतु अवतीर्ण श्रीराम चन्द्र जी ने लंका पर चढ़ाई के लिए तो सागर पर सेतु बाँधा ही था, अपने आचरण और कार्य से भी एक 'धर्मसेतु' बाँधा था. इस धर्मसेतु की रक्षा होती रहे, इसके लिए वे सतत प्रयासरत भी रहे. इसी क्रम में उन्होंने जनता से, प्रजाजनों से, समस्त राज्य कर्मचारियों से, और अपने मंत्रिपरिषद से; एक भावभरा मार्मिक निवेदन, सविनय एक याचना की थी. यह याचना बहुत गूढ़ है, यह जितना जिज्ञासा का विषय है,उससे कहीं अधिक अनुसंधान का विषय-वस्तु है; क्योंकि धर्म तत्व की प्रासंगिकता, अध्यात्म का अर्थ, उसकी सार्वभौमिकता, सबकुछ इस याचना में अंतर्भूत है.क्या थी वह याचना? महर्षि बाल्मीकि के शब्दों में वह याचना इस प्रकार है -
"भूयो भूयो भाविनो भूमिपाला नत्वा नत्वा याचते रामचंद्र: /
सामान्योयं धर्म सेतुर्नाराणं काले - काले पालनीयो भवदभि: //"

इसका सामान्य अर्थ है कि राम कहते हैं -'हे भूमिपालों, हे भावी भूमिपालों, कृषकों, जमींदारों, भूमि व्यवस्था में सहयोगी राज्य कर्मचारियों, प्रजाजनों !!!... यह रामचंद्र आप सभी लोगों को बार-बार प्रणाम कर विनम्रता पूर्वक यह आगाह करता है कि आप लोग मेरे द्वारा बांधे गए इस धर्मसेतु की रक्षा सदैव करते रहें." परन्तु,'धर्मसेतु' है क्या? राम के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों है?

रामकथा और रामचरित्र पर बहुत गहन अध्ययन-चिंतन, मनन-मंथन हुआ है, अनेकानेक काव्य/गद्य साहित्य का सृजन अनेकानेक देशी-विदेशी भाषाओं में भी हुआ है और निष्कर्ष रूप में सामान्यतः इन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया है; और राम का यही रूप जन सामान्य के बीच प्रसारित और स्वीकृत है. धर्म का हेतु तो मर्यादा है ही, अनिवार्यतः है और साध्य रूप है परन्तु इसका साधन रूप है यही 'धर्मसेतु'. इस साधन के दो प्रमुख पक्ष हैं (१) धर्म का सेतु - विवेक और (२) धर्म का सेतु - विज्ञानं; जो इसे धर्म से जोड़ते हैं. जोड़ने का कार्य सेतु का है; अतएव इसे राम ने 'धर्मसेतु' की संज्ञा दी है. समाज में जो संतवृत्ति के हैं, जो सृजनात्मक गतिविधियों के संवाहक हैं, प्रणेता हैं, उनका गोस्वामीजी ने अन्य लक्षणों के साथ-साथ प्रमुख लक्षण के रूप में विवेक और विज्ञानं को चिन्हित किया है -"विरति विवेक विनय बिग्याना / बोध जथारथ बेद पुराना //". अब यदि कोई प्रश्न करे कि यदि विवेक और विज्ञानं इतना महत्वा पूर्ण है तो इस याचना में यह प्रत्यक्षा क्यों नहीं है? इसके उत्तर में इतना ही कहूँगा -'परोक्ष प्रिया देवानां'; देवों को परोक्ष कथन ही प्रिय है. यह वेद वाणी है और इसी का पालन राम ने किया है.

धर्म का सेतु - विवेक:
राम ने अपने जीवन काल में, अपने आचरण और कृत्य से सदा 'विवेक धर्म' का पालन किया है और इसी की अपेक्षा उन्होंने अपने प्रजाजनों से, राजकर्मियों से और मंत्रिपरिषद से की है. यह याचना न केवल वर्तमान में उपस्थित जनसमूह से है,अपितु यह निवेदन उनसे भी है जो किसी कारण से वहां उपस्थित नहीं हैं. यह निवेदन इतना महत्वपूर्ण है कि उन्हें भी संबोधित है जिनका अस्तित्व अभी नहीं है परन्तु वे राष्ट्र के भावी कर्णधार हैं. इस संबोधन और निवेदन में 'भूयो भूयो' और 'भाविनो' शब्द उन्हीं के लिए प्रयुक्त हुआ है.

धर्मक्षेत्र में भक्त और भगवान का बड़ा ही प्यारा और अलौकिक सम्बन्ध है. भक्त तो भगवान का दास होता ही है, स्वयं भगवान को भी अपने भक्त का दास बार-बार बनना पड़ता है. भक्त की एक आर्द्र पुकार पर वह दौड़ा-दौड़ा भागा चला आता है और उसकी अभिलाषा पूरी करता है,उसे मनोवांछित फल प्रदान करता है. लेकिन राम चाहे भगवान रूप में परिकल्पित हों, चाहे मर्यादापुरुषोत्तम रूप में अथवा रजाराम के रूप में; हर बार मनोवांछित अभिलाषा पूरी नहीं करते. इस अभिलाषा की परख करते हैं और अभिलाषा की पूर्ति में भक्त के मंगल,उसके हित का ध्यान सर्वप्रथम रखते हैं....और यही तो विवेक है. इसी का पालन उन्होंने विश्वमोहिनी पर मोहित नारद के साथ किया है. अपने भक्त नारद को उन्होंने वह नहीं दिया जो नारद ने चाहा था, अपितु नारद को उन्होंने वह दिया जिसमे उनका कल्याण निहित था. आश्वासन में उन्होंने स्पष्ट कहा - "जेहि विधि होई परम हित नारद सुनहु तुम्हार / सोई हम करब न आन कछु वचन न मृषा हमार //" कुछ छिपाया नहीं, और इसका कारण भी साथ ही बता दिया - "कुपथ मांगु रुज व्याकुल रोगी / वैद न देहि सुनहु मुनि जोगी // एहि विधि हित तुम्हार मै ठयऊँ / अस कहि अन्तरहित प्रभु भयऊ //"

यह संसार परस्पर विरोधी गुणों का युग्म है. यहाँ जड़-चेतन, गुण-दोष, उचित-अनुचित का अद्भुत सम्मिश्रण है, भ्रमजाल है और भटकाव है. विवेक से, औचित्य के प्रश्न से ही इसका समाधान हो सकता है. संत वृत्ति और हंस वृत्ति ही इसमें सहायक है -
"जड़ चेतन, गुण दोषमय विश्व कीन्ह करतार / संत हंस गुन गहहि पिय परिहरि वारि बिकारि //". इसी प्रकार जप और ताप तो आध्यात्मिक कार्य हैं लेकिन यदि इसका उद्देश्य लोक कल्याण नहीं है तो भेसक इसका विरोध करना चाहिए और यदि क्षमता हो तो उसे नष्ट कर देना चाहिए. समाज का नेतृत्व कर रहे लोकनायकों में यह क्षमता तो होनी ही चाहिए क्योकि समाज को दिशा देने का दायित्व उन्हीं के कन्धों पर है. मेघनाद और रावण द्वारा किये जा रहे तप और यज्ञं को विध्वंश कराकर राम ने इसी विवेक का परिचय दिया है. महर्षि विश्वामित्र द्वारा प्रतिपादित यज्ञं का संरक्षण और मेघनाद/रावण द्वारा प्रतिपादित यज्ञं विध्वंश में परस्पर कोई विरोधाभास नहीं है. यह विवेक और लोकमंगल के आधार पर लिया गया निर्णय है जो सर्वथा उचित है. राक्षसों का यज्ञं सृजन शीलता के विरुद्ध था - "मेघनाद मख कराइ अपावन / खल मायावी देव सतावन // अतएव राम को आदेश देना पड़ा -"लछिमन संग जाहू सब भाई / करहु विधंस जग्य कर जाई //" राम स्वयं यज्ञं विरोधी नहीं हैं, हो भी नहीं सकते;. राम का प्राकट्य ही यज्ञं प्रक्रिया द्वारा होता है. यज्ञं के रक्षार्थ ही अपनी जन्म भूमि छोडकर विश्वामित्र के साथ प्रस्थान करते हैं, धनुष-यज्ञं माध्यम से उनका विवाह संस्कार होता है. वन गमन के समय भी जंगल राज का समापन कर विधि - व्यवस्था स्थापित करते हुए नितांत तपस्वी वेश में यज्ञंमय जीवन व्यतीत करते हैं तथा राज्याभिषेक के पश्चात अश्वमेध यज्ञं करते हैं. इस प्रकार उनका सम्पूर्ण जीवन ही यज्ञंमय है.

राम विवेक के पालन का यदि निर्देश देते हैं, अथवा इसका आग्रह करते हैं, तो इसे स्वयं अपने पर लागू भी करते हैं. स्वर्ण-मृग के सन्दर्भ में स्वयं विवेक का प्रयोग न करने पर अपने आपको कोसते हैं, अपराधी मानते हैं, पश्चाताप करते है. प्रस्तुत है डॉ. पुष्परानी गर्ग के शब्दों में राम का कथन - "किन्तु क्या कहूं तुझसे ही / तुमने बस आग्रह किया / और मैं भी तो / चल पडा तुरत / क्यों नहीं तुम्हे बरजा मैंने / क्यों विवेक मेरा भी तब / हो गया सुप्त / सच ही तो है / जो पत्नी की अनुचित इच्छा / निर्विचार पूरी करते / अपने ही हाथों / जीवन में कांटे भरते / अपराध कहीं मेरा भी है /..." इसी प्रकार समाज का नेतृत्व कर रहे लोग यदि अपनी- अपनी भूलों को मान लें, मान कर सुधार लें तो अराजकता, अनैतिकता और भ्रष्टाचार क्या टिक पायेगा? परन्तु आगे कौन आयेगा? पहला कदम बढाने का औचित्य तो उसका है जो सबसे बड़ी कुर्सी पर विराजमान है. जो सत्तावान और क्षमतावान हैं उन्हें ही आगे आना होगा. हमारे देश में आध्यात्मिक मनीषियों ने समाज का नेतृत्व किया है, आज एक बार फिर आगे आकर उदहारण प्रस्तुत करना होगा. रामराज्य लाने के लिए राम के गुणों को अपनाकर, निर्देशों का अनुपालन करना और उनके चरित्र का अनुसरण करना पडेगा.

जंगलराज को समाप्त कर विधिराज लागू करने के लिए ही उन्होंने स्वयं ही अयोध्या के युवराज का पद ठुकरा दिया था. वन गमन तो स्वयं उनकी इच्छा, उनके विवेक का परिणाम है. इसमें कध्यम बनी कैकेयी और स्वयं को कलंकिता बनाकर, उपहास और भर्त्सना सहन कर भी राम की इच्छापूर्ति का साधन बनी. डॉ. पुष्पारानी गर्ग ने इस घटना का भावपूर्ण एक काव्य विम्ब खींचा है. राम कैकेयी के समक्ष विवेकपूर्ण तर्क प्रस्तुत करते हैं - "सुनो मातु / बन के आदिम नर किन्नर / जो अब तक हैं / अनजान अवध के शासन से / उन सबको अपनाना है / शासक - शासित के मध्य / एक जो खाई है / उसपर सेतु बनाना है / सद्भावपूर्ण निज कर्मों से / उनमें विश्वास जगाना है /......वन प्रांतर में भी / हो स्थाई / सुख-शान्ति मातु / पहले लक्ष्य यही मेरा / केवल निज की / सुख-शान्ति नही है / काम्य मुझे / जननी मेरी / क्या कहूं तुम्हे / मै पुनः चाहता वन जाना / बस यही कामना है मेरी ..."

यह प्रस्तुतीकरण ऐतिहासिक रूप से कटना सत्य है और कितना गल्प, यह मै नहीं जानता. इस प्रस्तुतीकरण का महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि इसका सामी राम चरित्र से है. इससे राम चरित्र पर कोई आघात नहीं पहुचता, उसमे न्यूनता नहीं आती लेकिन दूसरी और कैकेयी का कलंक धुल जाता है. और उससे भी बड़ी बात यह है कि लोकमंगल के कार्य में यदि कलंक और अपमान भी ढोना पड़े तो उसे ढोना चाहिए. इसकी प्रेरणा मिलती है और पर्याप्त ऊर्जा भी; केवल स्वीकारने की मनःस्थिति हो. यह एक बहुत बड़ा कल्याणकारी सन्देश छिपा हुआ है इसमें. साथ ही 'नारी सशक्तिकरण' के अभियान में यदि किसी कलंकिता नारी की छवि को निखारा जा सकता हो तो ऐसा क्यों न किया जाय? दूसरी बात यदि यह घटना सत्य है तो कैकेयी तो हलाहल पीकर नीलकंठ के समान स्नेह - सम्मान वंदनीया होनी चाहिए. इस प्रकार डॉ. गर्ग का यह प्रस्तुतीकरण निःसंदेह विवेकपूर्ण और औचित्यपूर्ण है. उन्हें साधुवाद.

जो मनुष्य उचित-अनुचित का विवेक रखते हुए भी औचित्यपूर्ण कार्य नहीं करते, उन्हें क्या कहा जाय? महाभारत का चर्चित पात्र दुर्योधन कहता है - "जानामि नो चरिष्यामि जानामि नो वर्जयामी". जानता हूँ क्या करना चाहिए परन्तु उसमे प्रवृत्ति नहीं होती, इसी प्रकार यह भी जानता हूँ क्या नहीं करना चाहिए; परन्तु उससे निवृत्ति नहीं होती. ऐसे लोग भ्रमित हैं, द्वंदों से घिरे हैं. इस द्वन्द से बाहर निकालने का काम विवेक का है. विवेक पर दृढ आस्था और विश्वास का है. श्रीरामचंद्र अपने नगर वासियों को, मंत्रिपरिषद को; इसी विवेक, इसी आस्था और इसी सृजनशीलता रुपी सेतु से धर्म को जोड़ना चाहते हैं. क्यों जोड़ना चाहते है? क्योंकि वे जानते हैं कि राम के आदर्श का कारण सुशासन है. यह धर्म पर आद्धृत है. धर्म रूपी वृषभ के चार चरण है - सत्य, शौच, दया और दान. इनकी सुरक्षा, इनका संवर्द्धन और प्रचलन तभी सुनिश्चित हो सकता है जब मानवीय विवेक को धर्म के साथ अनिवार्य रूप से जोड़ दिया जाय. धार्मिकता, आध्यात्मिकता, श्रेष्ठता ऊर्ध्वगामी है जबकि अंध-धार्मिकता, अंध-आध्यात्मिकता, अंध-विश्वास पतन है, अधोगामी है. विवेक-धर्म के साम्राज्य में अपराध और पाप के लिए कोई स्थान नहीं - "चारिउ चरण धर्म जगमाही / पूरि रहा सपनेहु अघ नहीं//" यही 'विवेक' धर्म सेतु है, यही राम कि याचना का मर्म है क्योकि अध्यात्म का क्षेत्र जिस नैतिकता, सचरित्रता, इमानदारी और जिस जिम्मेदारी की मांग करता है, यह विवेक इस समस्त आवश्यकताओं की पूर्ति एक साथ कर देता है.

Thursday, March 11, 2010

प्रगति का सूत्र

देखो ! ईश्वर ने हम सबको,
आत्मोन्नति का एक मार्ग दिखाया.
"अणुरोअणीयम महतो महीयान"
सूत्र को सरल-सुगम करके बतलाया.
कैसे बने विराट क्षुद्र से ? ,
अनुप्रयोग भी कर दिखलाया.

अणु से अमीबा- मत्स्य-कच्छ-वाराह,
और अर्द्ध-मानव से वामन तक.फिर
वामन से मानव; महामानव ....
महामानव से, पुरुषोत्तम-बुद्ध-योगेश्वर तक का.

अणु से विभु तक बन जाने का,
बन 'प्रकाश' छा जाने का - राह दिखाया.
कभी 'हँसकर - कभी रोकर', कभी 'निष्प्रिः,
कभी मौन' हो, उत्कर्ष की सरी कला सिखाया.
जड़ता से, निष्क्रियता से, कीट-पतंग से, पशुता से,
....इन सबसे...., मानवता को सर्वोच्च बताया.

नहीं है केवल यह मेरे भाई ! यह;
जैविक-भौतिक विकास की कोई कहानी.
छिपी हुई है इसके अन्दर, सुगठित-सुष्मित;
स्व-परिष्कार; आत्मोत्थान की गूढ़ कहानी.

करो दूर जड़ता-मूढ़ता, निष्क्रियता को,
अब छोडो पशुता-हिंसा, बर्बरता को,
अब ज्ञान-दृष्टि, प्रज्ञा-विवेक अपनाओ,
अपनी संस्कृति- प्रकृति का मान बढाओ,
छू लो शिखर तुम नैतिकता की;
मानवता की - ऐसी अलख जगाओ.

Tuesday, March 9, 2010

अंतर्राष्ट्रीय महिलादिवस : एक समीक्षा

कहाँ गए आज के नारी आन्दोलन के
तथाकथित राजनेता - राजनेत्री, सशक्तिकरण के
ध्वजवाहक नायक और नायिकाएं?
क्या टीवी के विभिन्न चैनलों पर दिखने वाली
'नग्न नारी देह' ही अंतर्राष्ट्रीय प्रगति और
नारी सशक्तिकरण है?
ये सही अर्थों में सम्पूर्ण नारी विकास' को
तो समझ पाए नहीं, ये दिशा क्या देंगे?

हाँ अपना उल्लू सीधा करके अपना
नाम कमाने वाले, अकूत संपत्ति बटोरने वाले,
ये नारी सशक्तिकरण के अग्रदूत;
इसकी शुरुआत निज गृह,
निज परिवार से क्यों नहीं करते?
आखिर सशक्तिकरण के नाम पर
कब तक महिलाओं को
सेल्स ब्रांड बनाया जायेगा?
और उत्पाद बेंचने के लिए
ग्राहकों को फसाया जायेगा?
ये नव व्यापारवाद, पुरुष और
महिला दोनों को बुद्धू बना रहा,
'नारी देह' को नंगा नाचा रहा.
ठंडा - गरम, पिला -पिला,
साबुन,-,शम्पू से नहला रहा,
लोभी पुरुष मानसिकता को लुभा रहा.
इनका इमान - धरम
न नारी सशक्तिकरण है, न
पुरुष वशीकरण,इनका मूल उद्देश्य है-
धन और बाजार की पूंजी पर अधिपत्य.

नारी अधिकारों की वकालत
करने वालों का रूप आज दोनों सदनों में
देखिये, कहाँ गया महिला आरक्षण बिल?
क्यों नहीं पारित हो पाया अबतक?
पारित होने की संभावना भी नहीं,
खोट है नीयत में.क्योंकि अब
स्वयं की कुर्सी खतरे में नजर आ रही.
जो पांच साल के लिए कुर्सी मोह
नहीं छोड़ सकता वह,
नारी सशक्तिकरण के नाम पर
छल / शोषण ही तो कर रहा?

हाँ इतना अवश्य हुआ कि
नारी मन में चौखट लांघने का
एक कौतुहल, उत्साह और उमंग आया है, जो
शिक्षा के माध्यम से, कार्यालय से आकाश तक,
खेल के मैदान से राजनीतिक द्वार तक छाया है.
अब नारी मन कि इसी उमंग, इसी तरंग,
इसी समझ ने इन नेताओं कि नीद को उड़ाया है.
इनमे भय आ समाया है, नारी है क्या?
क्या अब तक इनकी समझ में आया है?
इन्हें क्या पता; नारी मन, शोषण और व्यापार की नहीं;
श्रद्धा, मर्यादा, शक्ति और भक्ति रहस्यमयी पुंज है.
इन नेताओं में नारी के इन्हीं गुणों से तो भय है.

वे अब नारी को बहलाकर- फुसलाकर, समाज में
नारी का ऐसा कुत्सित कुरुपौर अमर्यादित रूप
प्रस्तुत करना चाहते हैं, जिससे नारी स्वयं अशक्त हो जाय.
स्वयं की नज़रों में गिर जाय. अक्षम को नाचाना सरल है,
सबल के समक्ष तो स्वयं ही नाचना पड़ेगा.
नारी सशक्तिकरण इनका केवल नारा है, छल है.

नारी स्वाधीनता की परिकल्पना
कोई पश्चिम की बपौती नहीं.
अनादि काल से बही है यहाँ -
नारी स्वाधीनता की एक धारा.
जो प्रतीक - प्रतिमानों में गुम्फित है
यह, उधार की कठौती नहीं.
सती का हठ, उनका यज्ञाग्नि प्रवेश,
नारी स्वातंत्र्य और
अधिकार का प्रथम उदाहरण है.
अनुसुइया का सामाजिक विद्रोह,
सतीत्व बल, सावित्री का सतवान वरन,
सीता का बन गमन,
मीरा, राधा का अनुराग.
स्वाधीनता का ही है परिचायक.

परन्तु इसमें कहीं भी दांपत्य से दूरी नहीं.
दुराव टकराव तलाक नहीं,
मनुष्यता, मानवता, सामाजिकता का ह्रास नहीं.
मानव समाज मानव सृष्टि को कोई
खतरा नहीं, सृष्टि संरचना को
पुष्ट ही करता है यह अधिकार.
आज उसी अधिकार हेतु आन्दोलन क्यों?

चाहिए यदि वास्तविक अधिकार,
आंशिक नहीं सर्वांश तो वापस लौटना होगा.
पाश्चात्य शैली नहीं, अपनी संस्कृति को
पनाना होगा, उलटना होगा इस धारा को.
और धारा के उलट ते ही होगा चमत्कार,
न कोई शोर - शराबा, न चीत्कार.
धारा अब बन जाएगी - "राधा" .
और "राधा" में रूपांतरण होते ही :
कान्हा हो गया वश में, अब गोकुल तुम्हारी,
मथुरा तुम्हारी, द्वारिका तुम्हारी......
अब सब कुछ तुम्हारा, कान्हा तो है प्रेम से हारा.
सर्वस्व छोड़ अब ;कुछ' के पीछे,भागना क्या?
मणि को छोड़ अब तुच्छ के पीछे नाचना क्या?

इस छलावे में भी अच्छी बात यह है कि,
महिला राष्ट्रपति और महिला स्पीकर,
दोनों भारतीय संस्कृति की संवाहिका है,
देखना यह होगा की उनकी चल कितनी रही?
वे प्रमाण हैं या मुखौटा?
नारी मर्यादा संरक्षण में कितना
सफल हो पातीं हैं, यह भविष्य की बात है,
लेकिन मूल रूप में इस प्रश्न पर
नारी जगत को ही सोचना होगा.
हित उनका किसमे है? कहाँ है?
उन्हें चाहिए क्या? मिल क्या रहा?
और नारी मुक्ति आन्दोलन धारा,
सशक्तिकरण के नाम पर किधर जा रहा?

अंतर्राष्ट्रीय महिलादिवस : कुछ प्रश्न, कुछ आशंकाएं

एक गुनगुनाता शर्मिला सा सुकोमल नारी मन
यदि चुप हो जाय तो उसका मनुहार होना चाहिए ;
स्तुत्य है, इस व्यथा निवारण का यह पुरुष प्रयास .
सम्प्रेषण और प्रेक्षण की यह कोपविद्या, नारी के लिए है,
सुगम और सरल; साथ ही लाता है मनुहार का एक अवसर.
प्रत्यक्षतः यह दृश्य भी है और श्रव्य भी.
सहयोगी रूप में, दया, ममता, करुना के भाव;
इस सम्प्रेषण को बनाते है, - और भी सबल, प्रबल.

परन्तु एक चुप हो चुके पुरुष मन को,
मानाने और गुदगुदाने का, समझने और समझाने का
नारी प्रयास अर्थहीन है? औचित्यहीन है? और क्यों?
सामंजस्य और भावसंतुलन के स्थान पर उसे पाषाण पुरुष
की संज्ञा देना; आखिर है क्या? क्रूरता या कायरता?
कौन करेगा निर्णय? किसने देखा है - पाषाण पुरुष की
बेजान चुप्पी में, उसके गहन गाम्भीर्य शान्ति में;
वल्लियों उठ रहे कलोल और कोलाहल को?
शान्ति सागर में हिलोरें मार रहे ज्वार - भाटा को?
क्या यह अवमूल्यन नहीं,चेतना का, बौद्धिकता का?
चिंतन की वेदना का? संवेदना की स्वतन्त्रता का?

नारीमुक्ति विमर्श की धारा, उसके सशक्तिकरण की विचारधारा
समय और प्रस्थितिनुसार संवेग और स्वरुप धारण करे,
यह तो समझ में आता है, किंचित भी मतभेद नहीं उससे;
यथोचित उत्साह भरा समर्थन है उसे, वे तो दूसरे हैं
जो इसका राजनितिक विरोघ अपनी क्षुद्र लिप्सा के लिए
करते रहें है, आज भी कर रहे हैं, छोडिये उनकी बात...
प्रश्न यह है कि स्वतन्त्रता के नाम पर अपने तन-बदन को,
बाजारू चीज बना देना, आखिर है क्या? स्वतन्त्रता या स्वच्छंदता?
साथ ही नारी स्वातंत्र्य के नाम पर, नारीत्व और स्त्रीत्व से
मुक्ति कि बात, कहीं से भी नहीं आती समझ में,

यह मानवजाति का विलोपन है या पशुता का उन्नयन?
नारी को प्रकृति प्रदत्त अधिकार, सृजन है; विनाश नहीं.
मानवजाति का विनाश तो नारीजगत का अपमान है.
प्रकृति और प्रवृति से विद्रोह है, यदि नारी प्रकृति प्रदत्त
और संसकृति प्रदत्त अधिकारों कि सुरक्षा नहीं कर पायी,
तो संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा क्या रक्षा कर पाएगी?
नारीत्व और स्त्रीत्व से मुक्ति का प्रश्न, आज सर्वाधिक
विचारणीय प्रश्न है, इससे मुख मोड़ना आत्मघाती होगा.

आचार विचार में यह परिवर्तन,
सैद्धांतिक शब्द विन्यास के कारण है
अथवा अर्थदुर्बोध के कारण? बिना इस मर्म भेदन के,
स्वतंत्रता का लक्ष्य, इसके उद्देश्य की पूर्ति संभव है क्या?
अथवा आज आवश्यकता उन मूलभूत सिद्धांतो के
पुनर्विश्लेषण - पुनर्व्याख्या की है. भ्रम और विभ्रम की,
यह दुरावस्था सशक्तिकरण और नारी मुक्ति आन्दोलन के
नाम पर, कहीं बन न जाये सामजिक कलह का कारण?
टूटते दांपत्य और बढ़ते तलाक पर, क्या आन्दोलन ध्यान देगा?

न जाने क्यों मन सशंकित है, कहीं बन न जाये भावी पीढ़ी ...
बलि का बकरा? अथवा खड़ा न हो जाये , प्रतिक्रियावाद का खतरा?
क्योकि जिस अस्तित्ववादी विचारधारा के पीछे यह आन्दोलन भाग रहा,
वह हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता, हमारे विवाह संस्कार को नकार रहा.
नहीं होंगे विवाह भावी पीढ़ी कहाँ से आएगी?
बिन विवाह सामाजिक रिश्ते क्या टिक पायेंगे?
और बिन रिश्ते हम कहाँ जायेंगे?

हम या तो मानव से च्युत होकर पशु कहलायेंगे,
अथवा इस धरा को मानव विहीन बनायेंगे.
इस प्रश्न का जवाब नहीं है इस विचारधारा के पुरोधा
सिमोन, सार्त्र, हैडगर और किर्केगर्द के भी पास,
इस समस्या समाधान हेतु कौन सा उपचार श्रेयष्कर होगा?
श्रीमान! क्या आप भी कुछ सुझायेंगे? और यदि आज चुप रहे,
तो निश्चित जानिये, इस समस्या को और जटिल ही बनायेंगे..

Saturday, March 6, 2010

मानव की नई सभ्यता ?

हरे पत्तों और मुलायम घास की खोज में ,
अपनी ही धुन में अलमस्त बकरी ;
निकल गयी थी, दूर तक जंगल में.
तभी कुछ आहट पाकर जब शिर उठाया,
तो सामने भेडिए को खडा पाया.

सकपकाई घबराई बकरी मौत को सन्निकट पाकर,
वात्सल्य के नाम पर सदा की भांति मिमियाई ..... ;
युवराज! मेमने भूखे होंगे, हमें तनिक समय चाहिए,
उन्हें भर पेट निहारने का, दुलार्ने का, मातृत्व लुटाने का.
फिर लौट आउंगी, आपकी छुधातृप्ति के लिए, सच कहती हूँ.

भेडिए ने विजेता की तरह आँखों को नचाया,
मूंछों को घुमाया, दो-चार बूंद लार टपकाया और
अभयदान दे दिया बकरी को, जाओ ऐश करो !
मेरे पुरखे बुद्धू थे जो बकरी को ग्रास बनाते थे,
मैंने बकरी खाना छोड़ दिया और तुझे अभयदान दिया.
जाओ दीर्घाय हो ! फूलो - फलो !! गांधारी की तरह
शत - शत बलशाली पुत्रों की माता बनो.

बकरी हैरान थी ......
इस अद्भुत परिवर्तन को देखकर परेशान थी,
भावातिरेक में बोल पड़ी - आप महान है !
आप तो संत हैं - युवराज ! संत हैं, महासंत हैं !!
जय हो ! जय हो !! जंगल ने आजादी के
बासठसाल बाद गांधी - दर्शन अपनाया है;
अब तो नाचने - गाने - मुस्कराने का
मंगल अवसर पहली बार जंगल में आया है.

अरे बुद्धू ! .............
गांधीवाद को तो उनके अनुयाइयों ने ही नहीं अपनाया,
और गांधीगिरी मुन्ना भाई को ही मुबारक हो ....
हम भी प्रगतिशील है - दिल्ली नोयडा घूमकर आये है,
इसलिए हमने गौतम, महाबीर और गांधी का नहीं;
निठारी के सिद्धांत को अपनाया है, और इसके लिए;
पंढेर और कोली को अपना आदर्श बनाया है.

अरे महामूर्ख !!
अब भी नहीं समझी, तू जिसे दूध पिलाना चाहती है;
जिसपर मातृत्व और ममत्व लुटाना चाहती है, वह तो
न जाने कब से.... मेरे गहरे उदर में समाया है.
माँ के गोश्त से स्वादिष्ट गोश्त बच्चे का होता है, यह बात
जंगली जानवर को मानव की नई सभ्यता ने सिखाया है.

कुछ क्षण रुक कर भेड़िया पुन: बोला .....
मत कहो मुझे युवराज और मत कहो मुझे संत.
ये विशेषण हैं इंसानों के लिए, नहीं है उसकी बुद्धि का अंत.
वे मानव हैं - मानवता छोड़ सकते हैं, वादे तोड़ सकते हैं.
स्वधर्म - राजधर्म भूल सकते हैं, दोस्ती तोड़ सकते हैं,
कभी देव, कभी दानव, तो कभी संत-महंथ बन सकते हैं.

हम तो जानवर हैं, पशु हैं, कैसे छोड़ दे - पाशविकता?
फिर भी उनसे अच्छे हैं, जंगली और हिंसक होते हुए भी,
वादे निभाते हैं, पेट भरने के बाद, नहीं करते दूसरा शिकार.
बचा खुचा शिकार औरों के लिए छोड़ जातें हैं. परन्तु देखो
यह इंसान कितना अजीब है, जूठन भी फ्रिज में रखता है,
वह केवल पेट नहीं, फ्रिज और गोदाम भरता है.
कहीं कोई भूखा मरता है तो कहीं अन्न सड़ता है.
सच कहूँ तो मैं भी पहले ऐसा नहीं था ......
मुझे मक्कार तो मानव की नई सभ्यता ने बनाया है.

हमारी संस्कृति इतनी उपेक्षित क्यों हैं?

भारतीय संस्कृति के ध्वज वाहक मित्रो,
विश्वशांति के प्रेरक,प्रकृति के कुशल सहचर,
विश्ववन्धुत्व के संवाहक,मुझ जैसे विप्र के
दर्द को सुनो, कुछ प्रश्न हैं, उनपर गुनों.
हमें कष्ट है की चिंतन के क्षेत्र में इतने,
समृद्धिशाली होते हुए भी,पश्चिमोन्मुख क्यों है?

शून्य और दाशमिक प्रणाली को भारत की देन,
तो अब प्रायः सबने स्वीकार ली है, परन्तु;
क्या आप जानते हैं कि जिस इलेक्ट्रानिक्स और
क्म्पुत्रोनिक्स की आज धूम मची है, जिसका आधार,
पाश्चात्य जगत 'ओम्स ला' को समझता है, वह
हमारे ही भागीरथ सूत्र का पत्वार्तित रूप है?

इन्द्र - वृत्तासुर की लड़ाई को मात्र कथा - कहानी
समझनेवाले, इसके वैज्ञानिक पक्ष से अपरिचित क्यों हैं?
यह तो विशुद्ध रूप से ओजोन परत की समस्या
और उसका सम्यक निदान समाधान है.

आइन्स्टीन और हॉकिंस की देन समझी
जानेवाली 'ब्लैकहोल थियरी' का मूल,
ऋग्वेदीय 'हिरण्यगर्भ सिद्धांत' है.
प्रकाशमिति कहती है - ब्लैकहोल से,
असंभव है - परावर्तन. हाकिंस तो
चुप हो गए, इस सिद्धांत को उलटकर कि,
ब्लैकहोल से भी होता है - परावर्तन.
परन्तु किस रंग की ? इस प्रश्न पर,
वे आज भी मौन हैं,आगे जानने को बेचैन हैं.

उनकी तीक्ष्ण बुद्धि को इस बात का आभास
है कि, इसका उत्तर भारत के ही पास है.
अत्यंत रूग्नावास्था, बीमारी की पराकाष्ठा में भी
उनका भारत आगमन, इसी खोज का
एक प्रयास था शायद, परन्तु न जाने क्योँ ?
हम भारतवासी उससमय आगे बढ़ नहीं पाये, उनकी
क्यों जिज्ञासाओं का शमन कर नहीं पाये ?

यदि ऐसा हुआ होता; हमें वैज्ञानिक अभिव्यक्ति का
एक सशक्त माध्यम मिला होता,और भारतीय-दर्शन का,
परचम पाश्चात्य जगत में लहराया होता ?
यह सत्य है कि इसका उत्तर भारत वर्ष के ही पास है.
यह भारतीय विद्या ही है जो यह उदघोष करती है.
कि ब्लैकहोल का प्रारंभिक रंग काला, मध्य काल में
यह लाल, और अन्तकाल में सुवर्ण है. परन्तु
आज हम अपनी ही विद्या से अनजान क्यों हैं?

संस्कृति के तीन सर्वश्रेष्ठ उपमान जिन्हें हम
ब्रह्मा-विष्णु-महेश के रूप में जानते पहचानते हैं;
उनकी भी परीक्षा लेने वाला कौन है ?
हम सब महर्षि भृगु के वंशज, अनुसुइया के संतान,
इस तथ्य से अबतक अनजान क्यों हैं ?

हम भारतीय कापुरुष तो रहे नहीं कभी, अब
संस्कृति सागर में गोता लगाने से भयभीत क्यों हैं ?
और अमूल्य रत्नगर्भा हमारी संस्कृति
आज इतनी उपेक्षित क्यों हैं? क्यों हैं?