Wednesday, March 11, 2015

हमे ‘कन्या-भ्रूण’ बचाना है

शिशु के लिए सुरक्षित सर्वाधिक,
ममता का आँचल, माँ की गोद ।
ले चाकू - कैंची हाथ मे आज तू, 
चाहता विकृत करना माँ की कोख
यह ‘कली’ क्यों बन गयी कील ?
क्यों चाहता इसे तू जाना लील ?
है तेरे ही खून का अंकुरण यह तो,
तेरे हवन-कुण्ड का सुरभित फूल ॥
क्या भूल गया तू, इसी के लिए
खाई हैं ठोकरें, दर दर है भटका ।
क्या बचा है कोई डॉक्टर मंदिर
दरगाह, जहां तूने सर नहीं फटका ॥
बेटा – बेटी मे इतनी भेद ? अरे!
यह तुम कह रहे जो सभ्य कहलाते ।
खुल गयी सारी है अब पोल-पट्टी,
अच्छा होता असभ्य कहलाते ॥
टुकुर - टुकुर क्यों देख रहा मुझे ?
इंसान नहीं, आज शैतान बना तू ।
किसने किया तेरी विकृत सोच ?
चल आज यही बात बतला दे तू ॥
न घूर के देख इस तरह मुझे,
अब मैं कारगार तुझे पहचाऊंगा ।
तूने किया अपराध है बहुत बड़ा,
इसकी सजा तुझे दिलावाऊँगा ॥
जा! जाकर क्षमा मांगो उससे,
तेरी कली कों जिसने आश्रय दिया है ।
केवल भार्या नहीं, माँ है अब,
अब माँ का पावन पद धारण किया है ॥
जमाना नहीं समझता, न समझे,
कल तो समझना ही है उसे ।
मानवता ही नहीं, ‘अस्तित्व’ संकट मे,
आज यह बात समझना है तूझे ॥
समस्या यह समाज मे उठकर,
बिगड़ते लिंग-अनुपात के रूप मे आया है ।
अभी भी समय है, हो सकता है
सम्यक निदान, बस ‘कन्या-भ्रूण’ बचाना है ॥
बस ‘कन्या-भ्रूण’ बचाना है, बस ‘कन्या-भ्रूण’ ... ॥
डॉ॰ जयप्रकाश तिवारी

Sunday, March 1, 2015

मौसम को क्या हुआ आज =================

उमड़ रहे हैं घुमड़ रहे हैं
कहीं छलक रहे है खूब
कहीं छलका रहे हैं खूब 
कहीं घन गरज रहा हैं खूब
कहीं यह तरसा रहा हैं खूब
मौसम को क्या हुआ आज
यह बसंत क्यों हुआ नाराज?
बसंत तो चित्त को भाता था
एक अनुराग हृदय मे लाता था
आज ये हमसे रुष्ट है क्यों ?
भय एक मन मे लाया क्यों ?
आज भयभीत शासन - किसान
फसल न बन जाये एक श्मशान
यदि ऐसा कुछ होता है तो फिर
लूट जाएगा बेचारा बूढ़ा किसान ॥
डॉ जयप्रकाश तिवारी

Tuesday, February 24, 2015

‘गर्भस्थ कली’ मुस्काई (कहानी)


अभी कुछ माह पूर्व ही मैंने देखा था पीयूष और सुजाता को चमकते–दमकते, खुशियाँ बांटते, मिठाइयाँ खिलाते। मुझे स्मरण हो आए वे पुराने दिन जब वे दोनों रहते थे कितने उदास और हताश, निराशा मे उनकी जिंदगी जैसे एक बोझ सी बन गयी थी। बड़े-बड़े शहरों मे नामी-गिरामी चिकित्सकों से इलाज करने के बाद मंदिरों-मजारों की भी खूब खाक छानी थी उन्होंने। अभी विकासशील इस नयी-नवेली कालोनी मे अपना गृह निर्माण कराते समय निर्माण सामाग्री के लेन-देन मे जान-पहचान हुयी थी और व्यापारियों वाली चालाकी न होने कारण पीयूष मुझे व्यापारी कम, विचारक अधिक लगा था। धीर-गंभीर आकर्षक व्यक्तित्व का धनी लगने के कारण यह परिचय शीघ्र ही मित्रता मे परिणत हो गया था। उनकी समस्या सुनकर मैं ही साथ ले गया था उन्हे, अपने पारिवारिक चिकित्सक के पास जो बहुत नामी तो नहीं थे परंतु दवा के साथ-साथ प्राकृत-चिकित्सा पर बहुत बल देते थे और उनसे लाभान्वित हुये थे कई निराश परिवार, जिनके सूने आँगन मे उतर आए थे गगन के चहकते-दमकते चाँद-तारिकाएँ। और, इस दंपति की भी आशा बंधने पर अपने सार्थक परामर्श पर एकबार पुनः तब कितना गर्वित था मैं भी।
परंतु, परंतु क्या हो गया है आज...? इतना तनावपूर्ण ... इतना बोझिल वातावरण ..., मन कांप उठा था किसी अनिष्ट की आशंका से...। लेकिन पूछूँ भी तो कैसे?
प्रश्नवाचक दृष्टि से मैंने पीयूष की ओर देखा, उसने दृष्टि झुका ली। ‘क्यों, सब ठीक तो है?’ इस छोटे से वाक्य मे भी मुझे जैसे कुछ अतिरिक्त बल लगाना पड़ा था। कलतक पुंसत्व प्रामाणिकता और संतति के लिए चिंतित–परेशान और हताश इस पतिदेव के भाव आज कितने बदल चुके थे। मेरी उत्सुक तीक्ष्ण-दृष्टि और संवेदनात्मक शब्दों को वह देर तक झेल नहीं पाया। एक लंबी-सी सांस लेकर धीमे से बोला – “सर जी, जांच रिपोर्ट आई है... ‘बेटी है’,... ‘बेटी’ ..”।
मेरी आँखों मे अचानक वितृष्णा, क्रोध और नफरत के संयुक्त भाव उमड़ आए.... कलतक चूहे-बिल्ली जैसे तक को जन्म नहीं दे पाने वाली पत्नी को कायरों-सा ताना देने और कोसने वाला यह व्यक्ति आज रंग बदलने मे देखो कैसे गिरगिट को भी मात कर रहा था आज। मेरे मस्तिष्क मे कभी, गैरकानूनी कार्य करने वाले डाक्टर के पवित्र श्वेत एप्रिन पर कभी गहरा काला-धब्बा उभरता, तो कभी पीयूष का यह विकृत चेहरा...।
क्रोध और नफरत के शब्दों मे मैंने कहा था – “क्यों मिस्टर! ‘प्रकृति’ को भूल गए? प्रकृति कभी किसी को माफ नहीं करती। प्रकृति का ‘अग्नि-तत्व’ ही उर्वरा मिट्टी मे घुल कर तुम्हारे आँगन की ‘कली’ बना है और वही कली तुझे आज चुभ रही है? मुझे तो बड़ी शर्म आ रही है तुझे मित्र कहते हुये। धिक्कार है तुझे! और रही बात कानून की, वह तो सगे बाप को भी नहीं छोडता। सोच लो, न तू बचेगा न वो डाक्टर ही ...”।
अच्छा यह बताओ! क्या वह तुम्ही थे जो नवरात्रि मे ‘कन्या-भोज’ आयोजित कराते थे, बड़ी श्रद्धा से उनके पाँव पूजते थे? और आज अपनी कन्या जब आना चाहती है तो उससे इतनी वितृष्णा...? और तेरा नाम पीयूष किसने रख दिया? नाम पीयूष और मन-मस्तिष्क मे इतना गरल...? तू विष का प्याला नहीं, पूरा घड़ा है, घड़ा ...? तेरे पास तो बैठना भी पाप है। परंतु न जाने क्यों उठना चाहकर भी उठ नहीं पाया वहाँ से।
...न जाने क्यों मेरी घूरती आँखों से वह सहम गया था... मेरा एक पुलिस-कर्मी होने से डर गया था या मित्रता छूट जाने के डर से? अथवा उसे अपने ही अतीत का गिड़गिड़ाता हुआ वह चेहरा याद आ गया था..., मैं इसे जान न पाया।
थोड़ी देर बाद वह निःशब्द उठा, अपने अन्तःकक्ष मे गया ... । पति-पत्नी की खुसर-फुसर को दीवारें और पर्दे रोक नहीं पा रहे थे ... । मैं दुबारा उठना चाहते हुये भी वहाँ से उठ नहीं पाया और कहीं खो गया था..., अब मुझे ‘भ्रूण-हत्या’ का दारुण दृश्य दिखाई देने लगा था ... । लगा, गर्भस्थ कन्या चित्कार रही है..., वह मुझे ही कोस रही है...., ‘तुम्ही हो!’, ... ‘तुम्ही हो जिम्मेदार मेरे अतित्व और अनस्तित्व दोनों का...’। मैं अंदर तक दहल गया, लगा मैं एकदम निरुत्तर हूँ ...।
तभी लगा सामने कोई खड़ा है। देखा पतिदेव जी थे, दोनों हाथ जोड़कर कुछ हकला रहे थे... सर जी! क्षमा कर दीजिये! बहुत शर्मिंदा हूँ..., मैं ही भटक गया था...। सर जी! नफरत या द्वेष मुझे बेटी से नहीं है, ‘लड़के वालों को नाक रगड़ने पड़ेंगे’, इससे है। यही सोचकर डर गया था और बहक भी गया था। आपने मेरी आँखें खोल दी। जीवन मे पहले आप मित्र बनकर आए थे ..., आज शिक्षक बनकर आए हैं... ।
उसने पीछे मुड़कर देखा, फिर पत्नी को आवाज लगाई ... प्रत्युत्तर न पाकर वह स्वाइन ही अंदर चला गया ... और सपत्नी हाथ मे हलवा का प्लेट लेकर बड़े आग्रह से अनुरोध किया, सर जी ! आपने ही राह दिखाई है, कसाई से इंसान बनाया है॥ । यदि अनुमति दें तो हलवा अपने हाथ से खिलाऊंगा, बिटिया रानी को गले लगाऊँगा... । तबतक इतनी ही देर मे उसकी पत्नी कब अंदर गयी, कब आ भी गयी? मैं जान न पाया । उसके हाथ मे चाय-नमकीन की प्लेट से सजी तश्तरी थी। पत्नी की सीरत ने इस निर्जीव वस्तु की सूरत बढ़ा दी थी। ... न जाने कितने आभार के साथ बोली- भाई साहब! आज फिर आप मेरे घर देवता बनकर आए हैं। कैसे इन्हें आप मना पाएँ हैं? जिसे अर्द्धांगिनी बनकर मैं समझा नहीं पायी, मित्र बनकर आप ही समझाये हैं। बोलो भैया! कौन सी विधि अपनाएं हैं...?
नहीं सुजाता ! मुझे देवता न कहो, इंसान ही बन कर रह सकूँ, यही बहुत है। इस समाज को देवता से अधिक इंसान की आवश्यकता है आज।
“नहीं भाई साहब, भगवान की जो परिभाषा आपने बताई थी, वह अक्षरशः मुझे याद है। हमे याद है जब हम लोग मंदिरों मे माथा टेकते घूम रहे थे तो आपने ही समझाते हुये कहा था कि आस्था कि बात है तो ठीक है, आस्था मे भी बल होता है लेकिन यह प्रकृतिक कार्य है। प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाना पड़ता है। और, जिसे हम भगवान कहते हैं, देवता कहते हैं, वह भी तो प्रकृति ही है; वह प्रकृति इस भगवान शब्द मे ही अन्तर्भूत है। देखो - ‘भ’ से भूमि, ‘ग’ से गगन, ‘वा’ से वायु, ‘न’ से नीर और इन व्यंजनों मे समाहित स्वर ‘अ’ से अग्नि तत्व। और यही तो प्रकृति है, बोलो भगवान का अर्थ प्रकृति हुआ या नहीं? प्रकृति हमे बहुत कुछ देती है, इसलिए यह देवता है...। तभी से मैंने रट लिया है। आप नेक इंसान हैं, प्रकृतिक-देवता हैं। हमसे अपना ही पारिभाषिक अर्थ तो न छिनें। शास्त्र भी कल्याणकारी मित्र को देवता कहकर उसकी पूजा की अनुमति देता है। दत्तात्रेय जी ने अपनी माँ से मित्र के बारे मे यही कहा था। अब मैं जान गयी हूँ, यह प्रकृति ही देवालय है और मित्र ही देवता। मैं जननी होकर भी और चाहते हुये भी इस अजन्मे को गर्भ सुरक्षा नहीं दे प रही थी, बस शक्ति-भर जूझ रही थी। इस अजन्मे की सुरक्षा तो आपकी कल्याणकारी मित्रता ने दिलाई है। जो देता है वही तो देवता है।“ मैं सुजाता को देखते ही रह गया... वह तो आज दार्शनिक बन गयी थी... सचमुच हर्ष और विषाद ही तो मन मे दार्शनिक भाव जगाता है...। अब भला अपने ही परिभाषा को मैं कैसे नकारूँ, समझ मे नहीं आया। मैं उस समय कहता भी क्या..., हँसकर टाल गया। लेकिन सच कहता हूँ कि जितना स्वादिष्ट मुझे ‘आटे’ का वह हलवा लगा, उतना स्वादिष्ट न कभी रवे का हलवा लगा, न बेसन का, न मूंग का न गाजर का और न ही मेवे का...।
लौटते समय मुझे याद आ रही थी मानस की लाइने – ‘विनय न मानत जलधि जड़...’। लेकिन यह ‘जड़ता’ कहाँ थी? लेकिन थी, क्योकि सृष्टि की सर्वाधिक चेतन कृति का जड़ हो जाना ही तो ‘जड़ता’ है। यदि इसे जड़ता नहीं कहेंगे तो कहेंगे किसे? और ‘भय बिनु होय न प्रीति’, किंचित यह भय था भी, तो था सामाजिक भय, झुकने और दीनता का भय भी...। ओह! कितना भयभीत था वह, दहेज रूपी दानव से... ? क्या इस दानव को समाज से मिटाया नहीं जा सकता? आखिर हमने ही तो कभी प्रारंभ किया होगा उसे उपहार का नाम देकर... क्या इसमे संशोधन का समय अभी भी नहीं आया? आखिर हम कब जगेंगे? एक और प्रश्न गूँज रहा था मन मे, माताएँ इन कलियों को सर्वाधिक सुरक्षित स्थान अपनी कोख मे भी चाहते हुये भी आज सुरक्षा नहीं दे पा रहीं है, वे इतनी मजबूर क्यों हैं? अशिक्षा के कारण, दहेज के कारण या स्वावलंबनविहीनता के कारण ....? क्या सुजाता तब भी इस अन्याय के विरुद्ध सरलता से हथियार डाल देती, यदि स्वावलंबी होती? नहीं न! तो क्यों न एक ?नई परंपरा विकसित की जाय, अब बेटियों को ही स्वावलंबी बनाया जाय। उसे इतनी योग्य बना दिया जाय कि वर-पक्ष स्वयं लड़की का हाथ मांगने लड़की वालों के घर आयें। एक बाप फूल को शूल क्यों समझे ? बेटी के जन्म पर वह क्यों घबराये?... लगा उस नन्ही सी कली ने पुनः आवाज लगाई ... कुछ दिखा तो नहीं, लेकिन एक अंजाना गोल-मटोल सा चेहरा, एक मुसकुराती-सी कली अवश्य नजर आई।

डॉ जयप्रकाश तिवारी

Monday, February 23, 2015

ध्वज संस्कृति का लहराएँगे

जन्म से लेकर मृत्यु तक
जो काल खंड है जीवन है
जन - जीवन होता कैसा
चिंतन होता उसका जैसा
चिंतन देन है संस्कार की 
शिक्षा निखार ले आती है
चिंतन मे यदि आई विकृति
इस सिर को वही झुकाती है
संस्कार देंन है संस्कृति की
औचित्य का प्रश्न उठती है
भटके मन को दीप दिखाकर
सन्मार्ग पथिक बनाती है
मानव है वरदान प्रकृति का
यह संस्कृति उसे निखारती है
इस देश को ऐसे रचा प्रकृति ने
नित जल से पाँव पखारती है
बनाया देश को जगत गुरु
कोई और नहीं वह संस्कृति थी
जो रखती सामंजस्य प्रकृति से
इस देश की ऐसी संस्कृति थी
हो रहा क्षरण इस संस्कृति का
इस संस्कृति को हमे बचाना है
सौहार्दर प्रेम और नैतिकता का
उज्ज्वल मशाल जालना है
पाश्चात्य सभ्यता को अपनाकर
सोचो! क्या खोया, क्या पाया है ?
बन गया शत्रु, भाई का भाई
बहनों ने यहाँ लाज गवाया है
कब देंगे आहुती विकृतियों की?
उन्नत सन्सकार कब अपनाएँगे?
जिसे देख कर, परिवार समाज
सन्मार्ग पाठ कदम बढ़ाएँगे ।
दृष्टि मे सूक्ष्मता वाणी मे संयम
औ मृदुलता व्यवहार मे लाएँगे
कह उठे शेष जग वाह ! वाह !!
ध्वज संस्कृति का लहराएँगे ।
मिलजुल कर यदि करें प्रयास
पुनः हम जगत गुरु बन जाएंगे
पवित्रता दृष्टि मे,वाणी मे संयम
औ मृदुलता व्यवहार मे लाएँगे ॥

डॉ जयप्रकाश तिवारी

Monday, February 16, 2015

ओ काल ! ओ समय !

कल महाशिवरात्रि है, महाकाल के हर्ष का दिन सोचा क्यों न उनसे hi कुछ बात की जाय? बस वार्ता प्रारम्भ हो गयी। कैसी लगी वार्ता अवगत कराइएगा -
=============
ओ काल ! ओ समय !
अरे ओ निष्ठुर समय !!
ओ परिवर्तनशील समय !!!
तुम सबकुछ बदल देते हो
कभी कुछ छोड़ते नहीं
किसी को भी तो नहीं छोड़ते
'कालोस्मि' के हुंकारी को भी तो
कितना निरा असहाय बना दिया
जिसने ली थी कभी अग्निपरीक्षा
उसे भी जल समाधि दिखा दिया
महायोगी को तो अपने ही कंधे पर
माया को कंधे पर लादे हुए
जंगल-जंगल तक दौड़ा दिया
और इस तत्वज्ञानी को भी
कितना तूने बावला बना दिया,
यह है तुम्हारा प्रभाव, प्रबल प्रताप।
माना परिवर्तन ही है
तुम्हारा नियम फिर भी
करते हैं विनम्र एक निवेदन
यदि सम्भव हो तो मान लो
अपने नियम को थोड़ा खंगाल लो
कुछ चीजें छोड़ दो न अपरिवर्तित
वैसा ही, जैसा था बचपन में
वह भोला - भाला सा प्यार, मनुहार
सभी का स्नेह, अनुराग, आशीर्वाद
इन भावनाओं को बचा लो न !
रहेंगे जन्म-जन्मान्तर तक आभारी
तू कुछ बन जा सरस, सरल, मधुर
तुझ सर्व समर्थको क्या लाचारी?
ओ समय !
ओ निष्ठुर समय !!
ओ परिवर्तनशील समय !!!
डॉ जयप्रकाश तिवारी

Sunday, February 15, 2015

शब्दों मे कवि जान फूंकता

कवि को
कहा जाता है क्यों
ऋषि मनीषी सर्जक
या युग द्रष्टा ?
क्या इसलिए की वह 
संचायक है शब्दों का ?
क्या है वह, कोई चारण?
वेतन भोगी? राजदरबारी?
अरे! सर्जक है, युगद्रष्टा है
तलाशता है वह, शब्दों को
तराशता है वह, शब्दों को
निखरता है वह, शब्दों को
चिंतन मनन अनुभव की
प्रज्वलित भट्ठी मे तपाकर
बनाता है एक भाव भूमि
तेजोमयी - ज्योतिरमयी,
दिव्यर्थों की प्राण फूँक कर।
कोमा मे स्पंदन यदि सरल नहीं
तो धूमिल मटमैले शब्दों मे
प्राण संचार सरल है कैसे?
कवि का तो सत्कर्म यही
कवि का तो सीधा धर्म यही
'सृजन', घिसे-पिटे शब्दों से
अटपटे - चटपटे शब्दों से
नए संदर्भ, नए परिप्रेक्ष्य से
नए बिम्ब और नए प्रतीक से
कवि सौंदर्य, साहित्यिक विमर्श
सत्ता द्रोह या सामाजिक उत्कर्ष।
कवि शब्दों को नंगा नहीं करता
वह शब्दों को गंदा नहीं करता
वह शब्दों का अलंकरण करता
अर्थ मे क्या चमत्कारण करता
च्युत शब्दों की शक्ति परखता
घिसे शब्दों पे मुखौटा रखता
शब्दों मे कवि जान फूंकता
कविता मे कवि प्राण फूंकता ॥
डॉ जयप्रकाश तिवारी

Friday, February 13, 2015

साहित्य नहीं होते शब्द भंडारण

साहित्य नहीं होते
शब्द भंडारण मात्र
कठपुतलियों सी
कोई उछलकूद
अथवा उक्तियों की
कोरी कटाक्ष मात्र,
कोई स्वर्ण मुकुट
रेशमी पाजेब या
रोली, तिलक, रुद्राक्ष ।
और ये साहित्य
नहीं होते टंकित
केवल कागज पर ही,
यह धरा की पीठ
सागर की लहरों
पर्वतों की
नंगी छती पर भी
टंकित होते हैं कररीने से
जहां घुले होते हैं इसमे
परिस्थितियों के सत्व
जिसे देख पाती है
केवल संवेदनशील
साहित्यकार की अक्षि।
ये प्रतीक ही तो हैं
साहित्य के विभिन्न प्रष्ठ
प्रत्येक पृष्ठ पर गड़ी है
साहित्यकार की
तीक्ष्ण दिव्य दृष्टि ॥
डॉ जयप्रकाश तिवारी