Tuesday, June 12, 2012

शब्द और अरण्य


शब्द यदि, 
शब्द बनकर 
ही रह गए

अर्थ यदि, 
अर्थ तक ही 
सिमट गए

तो सिसक उठेंगी, 
संवेदनाएं  हमारी.
फफक पड़ेंगी
ये वेदनाएं सारी.

इन शब्दों को 
वेदनाओं - संवेदनाओं के 
सागर में बह जाने दो.

पहचान तो 
उन्हें लेंगे ही, 
अनुभूतियों को 
पास तो आने दो.

ध्वनिओं को, 
अक्षरों को, वर्णों को
विकसित होने दो,
और खिलने दो.

परिपुष्ट होने के लिए
उसे अभी विचरने दो.
तन  और मन दोनों से 
स्पर्श करना चाहता हूँ.

ध्वनियों को, 
अर्थ और भावार्थों को.
मात्राओं-अनुनासिक
और अनुस्वारों को.

उनके संकेत 
और प्रतीकों को,
उनके भाव भरे 
लोक गीतों को,
उन्ही का एक  
मृदुसहचरी बनकर.

अब तक तो 
जो कुछ भी जाना -
वह नैमिष्य के
अरण्य में जाना.

और आज..
परमाणुओं के अरण्य में,
कुछ नहीं, बहुत कुछ 
ढूंढता हूँ मैं.

जिसे कहते हैं 
अरण्य हम सब, 
चिदणुओं का 
समूह है वह तो.
चिदणुओं की गांठों को 
अब खोलना चाहता हूँ.

शब्दों के अर्थ तक 
सीमित न रह कर,
शब्दों की समग्र 
ग्राह्यता चाहता हूँ.

अरण्यों से एक 
अनुराग सा अब
हो गया है मुझे.

अब अरण्यों में ही ...
बस जाना चाहता हूँ . 
और चिदणुओं के साथ 
खूब खेलना चाहता हूँ 
नये - नये शब्दों का 
सृजन चाहता हूँ.   
   


 चिदणु = चेतन अणु, अणु में भी चेतना होती है, यह अलग बात है की इनमे वह सुषुप्तावस्था में होती है. 

Sunday, June 10, 2012

प्रगति का सार्वभौम फार्मूला


हमने देखी है आपके अन्दर
मानवता की एक झलक,
इसलिए आमंत्रित किया है,
कुछ कहने का दुस्साहस किया है.


क्या कहा आपने भाई साहब?
आपको अध्यात्म से लगाव है.
कोई बात नही, केवल इतना सोचिये:
केवल एकांगी विकास क्या करेगा?
ज्यादा से ज्यादा आपको ताड़ का
एक लम्बवत पेड़ बना देगा.


और आपने क्या कहा भाई साहब?
भौतिकवादी है, आपको धन से लगाव है?
कोई बात नही, केवल इतना सोचिये:
यह भी एकांगी बना देगा.
अमरबेल की तरह, क्षैतिज प्रगति;
तो होगी, परन्तु.रीढ़ की हड्डी नहीं होगी.
उंचाई का एकदम अभाव होगा,
यह दीन - हीन - पंगु बना देगा.


अनियमित प्रगति, आपके जीवन की
गति को 'जिग-जैग' बना देगी.
'जिग-जैग', एक ऐसी गति है;
जहाँ श्रम - परिश्रम तो है लेकिन,
सब कुछ, दिशाहीन - निरर्थक...
इसकी परिणति मात्र थकन है;
जिसका न आध्यात्मिक मूल्य है,
और न ही कोई भौतिक मूल्य.


क्या यह उचित नहीं होगा?
कि प्रगति और उत्थान संतुलित
और सुनियोजित किया जाय? .
संतुलन और समग्रता की इस स्थिति में,
हर प्रगति बन जाएगी, हमारे लिए -
एक 'त्रिज्या'; और हम - 'एक वृत्त',
'एक शून्य'... और ....'एक अनंत'.


'वृत्त' के सुविचाररूपी त्रिज्या को,
सद्भावना से अभिसिंचित कर,
श्रमशीलता के उर्वरक से,
'मनोवांछित व्यास की वृत्त'
संरचना में, कोई संदेह नहीं.


और 'वृत्त' क्या है?
सम्पूर्णता का बोधक,
परम सत्ता का सूचक,
जिसे मान्यता प्रदान की है,
अध्यात्म और विज्ञानं,
दोनों ने ही एक साथ.


दुर्गुणों से रहित हम 'शून्य' हैं,
'समाधि' हैं, 'कैवल्य' हैं, 'निर्वाण' हैं,
'बका', 'फना' और 'जीवन मुक्त' हैं.
सद्गुणों से पूरित, हम 'विराट' हैं.
'अनंत' हैं, 'परिपूर्ण' हैं, 'सम्पूर्ण' हैं.


यही 'पूर्णता' है, 'पूर्णता का दर्शन' है.
जो गुम्फित है, इस उपनिषद् सूत्र में -
"पूर्णं अदः पूर्णं इदं पूर्णात पूर्णं उदच्यते,
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णं इव अवशिष्यते".

Saturday, June 9, 2012

हाथ पकड़ के तू लिखती है



कविता को कब रचा है मैंने?
कविता ने रचा स्वरुप है मेरा.
मैंने कब साहित्य लिखा है?
लिखा साहित्य ने सबकुछ मेरा.

लेख कहानी नहीं लिखा कुछ
नहीं भाषा पर अधिकार है मेरा.
मैं हूँ केवल निमित्त मात्र
जो रच जाता सब कहा है तेरा.

मै तो बस एक अनुरागी हूँ
जाता हूँ डूब मैं भाव में तेरे.
आदत सी बन गयी है अब तो,
हो तपती धूप या शीत सवेरे.

मैं तो अनाम का अनुरागी,
सब छोड़-छाड़ के हुआ विरागी.
लेकिन रखने मान तुम्हारा,
फिर से बना तेरा अनुरागी.

मैं तो बस करता हूँ वही
मन मेरे घुस जो तू कहती है.
ये जग चाहे जो कह ले मुझ को,
मेरा हाथ पकड़ के तू लिखती है.

Friday, June 8, 2012

रे मन! कदम बढाओ तुम.



न  देखो  तुम  जमाने को
वह तो मस्त है मस्ती में,
लाना है अब होश में उनको
है कलि की सर परस्ती में.

चुनौती दे रही है रात
डराती रात यह क़ाली.
न  तारे  हैं,  न चंदा है
अभी तो सुदूर अंशुमाली.

न देखो उसकी ओर अब तुम
देखो ! जो सामने थाली,
जलाकर ज्ञान का दीपक
सजा दो मन की यह थाली.

किरण मन से जो फूटेगी
तो पहले भय यह भागेगा.
तिमिर की बात क्या करते?
दौड़ा नवल प्रभात आयेगा.

जो धवल प्रभात आएगा
इस कलि की चाल मोड़ेगा,
मिलेंगे राह बहुत साथी
रे मन! कदम बढाओ तुम.

खिल जाएगी यह संस्कृति
प्रकृति का रूप निखरेगा,
होगा सत्यम तब अधिपति
होगी शिवं की सुन्दरम धारा. 

बची रही यदि संस्कृति अपनी
नहीं आयेगी मानव में विकृति,
वह नहीं बची तो निश्चित जानो
जीवन की दिव्यता छिन जाएगी.
जीवन में पशुता सी आ जाएगी.


Tuesday, May 22, 2012

न इतना गम मनाओ तुम!



एक करारी हार पर

न इतना गम मनाओ तुम!

वीर हो, तुम धीर हो

पग दूसरा फिर बढाओ तुम.

त्याग दो इस हार पर

मन में जो भी हो हताशा,

आत्म चिंतन की घडी में

आज कैसी यह निराशा?



इस हार को ठोकर बना लो

दो कदम आगे बढोगे,

मान बैठे फिसलन इसे यदि

कदम चार नीचे गिरोगे.

करती भ्रमित काली जो

बदली, राह में अंधेर बनकर.

लेती हर सारी व्यथा को

ठंडीबूँद की बौछार बन कर.

जीत हो या हार हो

बस दो कदम का फासला है

हार पड़ जाती गले में

पास जिसके हौसला है.

Monday, May 14, 2012


गुरु पूर्णिमा पर्व




जिसने मुझको नाम दिया है,
बहुत बड़ा सम्मान दिया है.
है जो मेरे व्यक्तित्व का सर्जक,
सब कुछ मुझ पर वार दिया है.
उसी का तन मन अर्पित उसको
श्रद्धा सुमन समर्पित है उसको.
ये सब भी, अब कहाँ है मेरा.
सर्वस उसका नहीं कुछ मेरा.

उस सु-नामी का नाम मैं क्यों लूँ?
धो डाला कलुष कषाय जो मैला.
उसे अमूर्त-अनाम-अरूप रहने दो
क्यों करूँ विराट का रूप मैं बौना.

विद्यार्थी, शिष्य और गुरु



विद्यार्थी, शिष्य और गुरु 

हर छात्र जो जाता है विद्यालय
विद्यार्थी वह कहलाता है,
लेकिन सब छात्र नहीं विद्यार्थी
अधिसंख्यक हैं उसमे शिक्षार्थी.

शिक्षार्थी का लक्ष्य जीविकोपार्जन
सुख भोग के खातिर वह पढता है,
विद्यार्थी का लक्ष्य कुछ जानना है
जिज्ञासा शमन को वह पढ़ता है.

जब तीव्र हो उठती जिज्ञासा
अभीप्सा वही तब बन जाती,
धीरे धीरे विद्यार्थी को तब
यही अभीप्सा शिष्य बनाती.

अभीप्सा की प्रगाढ़ता में ही
यह शिष्य भक्त बन जाता है,
जिसे जान गया, पहचान गया
वही होने का उपक्रम करता है.

समर्पण ही तो रूपांतरण है
शिष्य भक्त का, गुरु सत्ता में,
गुरु सत्ता तब विह्वल होकर
निज आसन पर उसे बिठाती.
गुरु मान इस योग्य शिष्य को
अपना शीश चरणों में झुकाती,
यही गुरु-शिष्य की है परंपरा
दीखती कहाँ अब यह परंपरा?