Saturday, February 18, 2012

काव्य परिचर्चा


काव्य आत्मोदगार है; 
ह्रदय की रसधार है,
आवेग के संवेग में भी; 
बहते यहाँ विचार हैं.
ह्रदय तो परमात्मा का 
अगार है, शब्द ब्रह्म है- यह !

कविता जनार्दन का सन्देश;
जनता जनार्दन तक पहुचती है,
कविता विधि सापेक्ष; 
विधि निरपेक्ष होती है,
कुछ उसी तरह, 
जैसे विधि ही है - सापेक्ष,
निरपेक्ष, और सापेक्ष - निरपेक्ष. 

काव्य कभी 
विधि सम्मत होता है,
कभी  विरोधक होता है, 
यह निरपेक्ष- शाश्वत - 
शांत - प्रशांत होता है,
रागी - विरागी, दैहिक - 
दैविक - भौतिक होता है.
काव्य और साहित्य प्रायः 
आन्दोलन करते नहीं,कराते है. 
कभी जनता को जनार्दन के लिए,
और कभी विधि के लिए, तो कभी
जनार्दन को भी जगत कल्याण 
के लिए प्रेरित करते है. 

बात जहाँ तक नीति
और राजनीति की  है - 
काव्य कभी राजनीति करती नहीं, 
राजनीतिज्ञों की कसती नकेल है, 
काव्य के उदगार को नकारने वाला, 
यहाँ पास हुआ नहीं, वह तो फेल है.

जो कविता होती अल्पायु ,
वह निःसृत नहीं; सृजित है,
वह मन का स्फूर्ति नहीं, 
उदगार नहीं मष्तिष्क की उपज है,
सामयिक बौद्धिकता उसमे
गुम्फित- संचित और संरक्षित है.

हाँ, मरता है कवि 
मगर काव्य चिरंजीवी है, 
माँ की लोरी रूप में अमर भी ,
यह आत्म कलश से नि:सृत 
कल्याणमयी एक रस है. 

ह्रदय की कविता सृजन है; 
मष्तिष्क की कविता - ध्वंस.
ह्रदय की कविता भजन है;
मष्तिष्क की कविता - व्यसन
ह्रदय की कविता योग है;  
मष्तिष्क की कविता - भोग.
ह्रदय की कविता विद्या है;   
मष्तिष्क की कविता - शिक्षा.

ह्रदय की कविता व्यापक है;
मष्तिष्क की कविता - सीमित.
ह्रदय की कविता भावप्रवाह है;
मष्तिष्क की - शब्द संयोजन
ह्रदय की कविता सौन्दर्य है;
मष्तिष्क की कविता - सतर्कता.
ह्रदय की कविता झरना है;
मष्तिष्क की कविता - नहर.
ह्रदय की कविता कालातीत है;
मष्तिष्क की कविता - कालबद्ध.

Tuesday, February 14, 2012

प्रेम तत्व : जैसा मैंने समझा


प्रेम, एक दिव्य ऊर्जा है
प्रेम है, चेतना का आगार.
प्रेम है, लहरों का आवेग.
प्रेम तो है, एक तीव्र संवेग.

प्रेम भी है, क्या एक आवेश?
आकर्षण और प्रतिकर्षण का?
राग-विराग औ ईर्ष्या-द्वेष का?
मूल्यों-चिंतन- मानव क्लेश का?

नहीं! नहीं! प्रेम तो प्रवाह है,
'दिव्य-चिति' के, संवेगों का.
यह वृत्ति-प्रवृत्ति-आवेश रहित,
राग-विराग और द्वेष रहित.

मालिन्य - मोह या स्वार्थ की,
चिपटाने की इसमें वृत्ति नहीं.
आसक्ति-विरक्ति का भाव इसे,
कभी लेश मात्र छू सकते नहीं.

हम प्रेम पाश, बंधते हैं क्यों?
प्रेम की डोर खीचते  हैं क्यों?
इस प्रेम भंवर पड़, बार- बार, 
रोते और बिलखते हैं क्यों?

फँसे किसी के मोह जाल में,
जो बाँधे, किसी को माया में.
प्रेम नहीं, है वासना वह तो,
प्रेम नहीं, आसक्ति है वह तो.

नचाये जग, जो प्रेम नाम से
वह भ्रम है, भँवर है, धोखा है.
रचना सारी यह, मन की है ,
सत्य नहीं यह, केवल धोखा है.

जो सात्विक प्रेम में पड़ते हैं,
वे बंधन तोड़, होते हैं - 'मुक्त'.
दुनिया के राग - विरागों से,
इन संबंधों से और नातों से.

प्रेम नहीं बाँधता है किसी को,
वह तो करता, मुक्त- अवमुक्त.
छू गयी जिन्हें वह प्रेम-लहर,
हो गए प्रबुद्ध और मोह मुक्त.

हाँ! करते हैं वे प्रेम यहाँ पर -
आत्मभाव से आत्मतत्त्व को.
है आत्म तत्त्व आवेश रहित,
अलिंगी है और रूप रहित.

प्रेम तत्त्व की दृष्टि है कैसी?
वह भी होती क्या मानव जैसी?
चर्म दृष्टि देखो तो - "अनन्त"
आत्म दृष्टि, वही "एक बसंत".

कुछ हुए धरा पर ऐसे नारी-नर,
जो मारे हैं डुबकी इस प्रेम लहर.
उन्हीं के बोध से दीक्षित हैं ये -
धरा पर जागृत जो नारी - नर.

-डॉ. जय प्रकाश तिवारी

Monday, February 13, 2012

कविता की ऐसी महिमा


जिसे मोह  सका न रूप - लावण्य,
जिसे मोह सकीं न कोई सुरबाला.
मोह सके जिसे न, ये ऊँचे महल,
मर  मिटा  वही  एक  कविता पर.

इस  कविता  में  क्या  है  ऐसा?
न रूप - लावण्य, नहीं कोई पैसा.
फिर मन है क्यों इतना दीवाना?
फिरे मस्ती में अब यह मस्ताना.

चिंता नहीं किसी बात की उसको,
जब चाहे कह ले जो सूझे उसको.
मिल गया उसे -  'संवेदना कोष',
निछावर जिसपर सब राज- कोष.

सालोक्य - सायुज्य की चाह नहीं,
न अभिलाषा सार्ष्टि - सायुज्य की.
ये चारों जिसकी नित करे परिक्रमा,
इस कविता की देखो ऐसी महिमा.

यह कविता कृति है मानव की,
यह मानव है किसकी कविता?
मानव है कविता इस सृष्टि की,
यह सृष्टि है फिर किसकी कविता?
------------------------------------------

हाँ, मित्रो! 
एक बात और, इस रचना में कुछ दार्शनिक शब्दों का प्रयोग हुआ है. उन पाठकों के लिए जो इससे परिचित नहीं है, थोड़ा संकेत उचित प्रतीत हो रहा है. भक्ति धरा में, मुक्ति की चार कोटियाँ मणि गयी है . यह क्रमित प्रगति है. 

सालोक्य मुक्ति - भक्त का अपने आराध्य के लोक में परवश. लोक के सभी सुखों का आस्वादन.
सार्ष्टि मुक्ति - आराध्य के यश, प्रभा मंडल से आप्लाविर आनंद की गंगा में गोटा लगाना.
सालोक्य मुक्ति - आराध्य के निजी क्षेत्र में प्रवेश, यहाँ अनुकम्पा अनिवार्य है.
सायुज्य मुक्ति - यह वैयक्तिक आत्मा का परमात्मा में अंतिम रूप से विलीनीकरण होना है. यहाँ भक्त और भगवान् में अभेद हो जाता है. कुछ भक्त इस सयुजा मुक्ति को भी ठुकरा कर भक्त रूप में अलग अस्त्तित्व बनाये रखना चाहते हैं जिससे भगवान् / आराध्य की सेवा का अवसर मिलता रहे. उनके अनुसार यह सायुज्य तो भक्ति की दासी है

Saturday, February 4, 2012

तड़प यह छोड़ दूँ कैसे?


तड़पना  छोड़  दूंगा  मै,
मुझे प्रस्तर बना दो तुम!
ये  वादे  तोड़  दूंगा  मै,
मुझे जड़वत बना दो तुम!

तड़प ये छोड़ दूँ कैसे ?
जब तक चेतना जागृत,
मुहब्बत छोड़ दूंगा मैं,
मुझे अचेतन बना दो तुम!

मालूम न था तब यार!
याराना होता है ऐसा,
चाहे जड़ भी बना दोगे,
मुहब्बत कम नहीं होगी.

प्यार होता है- 'सचेतन',
इसे अब मैंने जाना है.
जिसे हम जड़ समझते थे,
उसमे स्पंदन भी होता है.

कहते प्यार जिसको हैं,
यह है उपहार, सृष्टि का.
यह मिलता नहीं सबको,
यह है, उपकार दृष्टि का.

शिला पर पोत के काजल,
दिल के बोल लिख दूँगा.
मगर पढ़ पाओगे तुम ही,
ऐसी लिपि में लिख दूंगा.

ये जानो दूर होकर भी,
नहीं तुम दूर हो सकते.
न अपने आप में इतने,
अधिक मगरूर हो सकते.

एक दिन वह भी आयेगा,
जब नंगे पाँव आओगे.
हो विकल शिलापट्ट पर,
सिर को तुम झुकाओगे.

लेकिन कहाँ उस क्षण,
शिला मै रह ही पाऊँगा,
शिला जो धार फूटेगी,
उसी से लौट आऊँगा.

धार गंगा की लाऊंगा
तुझे यमुना बना कर के,
संगम मै यहीं बनाऊंगा.
अब संगम यहीं बनाऊंगा.

संगम हुआ पत्थर प्रदेश में,
स्रोत पीयूष बहे समतल में.
कर पार अवरोध  जीवन के.
हम लेंगे मुक्ति सागर तल में.

बूँद मिलेगा जब यह सागर में,
तब सागर ही यह कहलायेगा.
होगा फिर, एक दिन कुछ ऐसा,
बूँद में, सागर विलीन हो जायेगा.

तड़प यह मुक्ति का है द्वार,
तड़प यह छोड़ दूं कैसे?
जब तक चेतना जागृत,
तड़प यह छोड़ दूं कैसे?

जिसने शक्ति दी मुझको.
और अनुरक्ति दी मुझको.
जिसने भक्ति दी मुझको.
देगी मुक्ति जो मुझको,

तड़प वह छोड़ दूं कैसे?
तड़प यह छोड़ दूं कैसे?

Sunday, January 29, 2012

माँ शारदे से प्रश्न




माँ! आज तुम्ही यह बतलाओ,
मन की उलझन तुम सुलझाओ.
मन सोच - सोच के हार गया,
'काव्य' यह मेरे समझ न आया.

कविता क्या है?
क्या है कविता- 
एक उपासना?
कविता साध्य है 
या साधना?
कविता लक्ष्य है 
या आराधना?
कविता यथार्थ है 
या भावना?
कविता बोध है 
या संभावना?

कविता अश्रुधार है 
या अभिव्यक्ति?
कविता उच्छ्वास है 
या आभ्यंतरशक्ति?
कविता प्रणय है या 
समर्पण और भक्ति?
कविता कोलाहल है 
या पूर्ण संतृप्ति?

कविता हलाहल है 
या जीवन का वरदान?
कविता अंतर की शांति है 
या अतृप्त अरमान?
कविता सन्देश है, 
प्रदर्शन है या अभिमान?
कविता निजत्व का 
विलोपन है या पहचान?

कविता उत्साह है 
या बहकता एक उमंग?
कविता एक धार है 
या उठती हुई तरंग?
कविता एक विकार है 
या जीवन का रंग?
कविता भौतिकता है 
या एक सत्संग?

कविता. 
कृति है मानव की,
फिर मानव है 
कृति किसकी?
मानव. 
सृष्टि की कविता है;
सृष्टि यह. 
कविता है किसकी?
              
          -डॉ. जय प्रकाश तिवारी

Saturday, January 28, 2012

एक बार पुनः झंकृत कर दो माँ!


एक बार पुनः झंकृत कर दो माँ!

एक बार पुनः झंकृत कर दो माँ!,
वीणा की अपनी सु-मधुर तान.
हे वीणा पाणि! हे हँस वाहिनी !
हे श्वेत वसना! हे जगत व्यापिनी!
              
उर मेरे कालिमा जो है बैठी,
धारण करे वह. श्वेत परिधान
परिधान लगे न कालिमा कोई,
जगा देना उर, ऐसा कुछ ज्ञान
             
अब तक तो यूँ ही भटकता रहा,
मरुस्थल से अन्तः स्थल तक.
जीवन को व्यर्थ गवाया मैंने,
कुछ होश न आया मुझे अबतक.
            
बारम्बार फिसलता हूँ फिर,
झाड धूल, फिर चल पड़ता हूँ.
कोई मार्ग नहीं अब मुझे ढूंढना,
दिखला दो, मझको निज धाम.
            
जान नहीं पाया हूँ अब भी,
शब्द - अर्थ - वाणी का ज्ञान.
अपनी वीणा के वाणी से
आज करा दो मुझे यह ज्ञान.
            
हे मातु शारदे! मुझे यह वर दे
आऊँ सदा इस राष्ट्र के काम.
अपनी संस्कृति भूल न जाऊं,
प्रकृति से कभी मैं न टकराऊँ.
           
नव पल्लव सा, कर दे यह जीवन,
बने विचार, ज्यों नदी- बाग़- वन.
अंतर मन प्रखर ज्योति जला दे!
वीणा स्वर के कुछ राग बता दे!
       
हे सरस्वती माँ!  हे मातु शारदे! 
हे वीणा पाणि! हे हँस वाहिनी !
हे श्वेत वसना! हे जगत व्यापिनी!
हे आदि शक्ति!  सर्वर्त्र व्यापिनी!



चित्र, कृति या विकृति?



आखिर क्या है यह - 

चित्र, कृति या विकृति?
कला या मन की कालिमा?
अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता?
या संवेदनाओं का दुरुपयोग?
यह अरूप का रूप है या 
अपने मन का कुत्सित रूप?