तू मेरे प्रथम -ज्ञान की प्रतिमा
तेरे स्फुलिंग मेरी ज्योति जली.
देखा जगत को अग्नि में जलते
क्या 'यश' मेरी भी जल जाएगी?
क्या जायेगी सूख ये बगिया मेरी
ये वाटिका आज जो है हरी-भरी.
सच मनो तेरे चिंतन ने ही मेरे
अंतर्मन में अति उत्साह भरी.
तुझे अजर अमर-अजीर्ण बनाने
छोड़ के प्रासाद निकल पड़ा हूँ.
दवा तेरी जग - दंश हरेगा ,
धरा की यश का सुयश होगा .
नहीं चाहता था तुझे खोना
अब भी नहीं चाहता हूँ खोना.
लेकिन खोना और पाना क्या
बिना 'निर्वाण' सब खुछ सूना.
एक प्रतनिधि छोड़ मैं आया हूँ
तेरे मन को वह बहलायेगा.
लेकिन वह भी मोह ही ...है..
'निर्वाण' में बाधा लाएगा....
जब तू सचेत हो जायेगी
मुझे दोष न तब दे पाएगी.
मेरा क्या, मै तो करूंगा
प्रतीक्षा तेरी! चिर प्रतीक्षा.
तुझे सिद्धार्थ बनकर जीना है
दायित्व मातु-पिता का ढोना है.
तुझको फिर बुद्ध बना करके
धरा के यश को फैलाऊंगा .
तुम नहीं केवल यशोधरा
तुम तो इस धरा की यश हो.
ढूंढो तुम निर्वाण जगत में
मैं पथ -निर्वाण जगत को दूंगा .
हम और तुम नहीं हैं दो
यह अंतर केवल जगत बीच .
'निर्वाण जगत' में भेद नहीं
अनंत ये सारा शून्य बीच .
अनंत और शून्य दो अति वाद हैं
इन अतिवादों से हमें बचना है.
अपनाना है हमको मध्य मार्ग
माध्यम का आदर्श बताना है.
एक बार हूँ चाहता फिर बतलाना
अविश्वास नहीं तुम मुझपर लाना.
जब तक जगत में दुःख होगा
यह बुद्ध नहीं फिर मुक्त होगा.
Saturday, June 4, 2011
Thursday, June 2, 2011
भ्रष्टाचार: महिमा पोटली की

बधी रहती थी घिग्घी सदा जिनकी हमसे
खड़े हो गए देखो आज वे कैसे तन के ?
रहते थे घुसकर बिलों में कभी जो.
अब करते हैं बाते वे देखो अकड़ के.
खुला राज जब भौचक्के हुए हम.
यह उनका नहीं ये दम हैं पोटली के.
ये दौलत की पोटली जो करा दे वो कम है.
सही फाइलों को भी झटक देते हैं झट से.
अब आदत इतनी बिगड़ गयी है उनकी.
फेंक देते हैं वे पोटली जो हल्की पलट के.
Sunday, May 22, 2011
बुद्ध का पत्र यशोधरा के नाम
बुद्ध का पत्र यशोधरा के नाम
मन मेरा भी घबराया था.
रह रह के मन फिर सोचता है
औचित्य का प्रश्न कचोटता है.
मन पर हठ का जोर लगाया
व्रत उपवास का राह दिखाया.
लेकिन चला न कोई जादू
बार बार मन हुआ बेकाबू.
मृदुल हास परिहास ने तेरे
मुझको ऐसा नाच नचाया.
सुस्त सुनी और शांत मन को
चंचल और गतिशील बनाया.
लुट गयी नीद रात की मेरी
दिन का भी सुख चैन छिना.
सूना - सूना सब लगता है,
अन्दर बाहर एक तेरे बिना.
पहले तो ऐसी बात नहीं थी
क्या मन के अन्दर चाह नहीं थी?
किया अंतर सब इस दूरी ने
क्या संवेदना और जज्बात नहीं थी?
इस दूरी में क्या बात है ऐसी?
क्यों विह्वलता - चंचलता ऐसी?
गति से इसको क्या माप सकेंगे?
इस हास की कीमत जान सकेंगे?
इस एक हास की खातिर ही
दौड़े थे राम ' मृग' के पीछे.
इस एक हास की खातिर ही
भागे मधुसूदन 'मणि' के पीछे.
इस हास में इतना जादू क्यों?
परिहास में मन बेकाबू क्यों?
हास-परिहास सब मन के भाव
जब पूरित मन तब नहीं अभाव.
मैं क्यों भागू इसके पीछे?
क्या मिला उन्हें जो भागे थे?
उनको भी क्या मिल गया?
छल - वैर- घृणा जो साधे थे.
सब कुछ मन की ही माया है
कहीं खिला धूप कहीं छाया है.
मन को वश में करना होगा
इसकी चंचलता को हरना होगा.
थमती चंचलता - 'आक्टेट' से,
थमती चंचलता - 'अष्टांगयोग' से.
थमती चंचलता - 'यम-नियम' से,
थमती चंचलता - 'योग -क्षेम' से.
तुझे सोता छोड़ जब आया था
तब मेरा मन घबराया था.
अब मन में नहीं कोई हलचल
थम गया अंतर का कोलाहल.
जो तोड़ चुका जग बंधन को
वह कैद में क्या रह पायेगा?
आर्यसत्य और बोधिसत्व को
जन - जन तक फैलाएगा.
मन को पाषण करना होगा
धारण 'निर्वाण' करना होगा.
आर्य सत्य पहचानना होगा
अंतिम सत्य को जानना होगा.
निर्वाण ही सत्य है अंतिम
अंततः सबकी गति है अंतिम.
जब तक धारा पर दुःख होगा
यह बुद्ध नहीं फिर मुक्त होगा.
दुख धरा से वह मिटाएगा
सबको पद 'निर्वाण' दिलाएगा.
शब्द संकेत / निहितार्थ
'
आक्टेट' = रसायन विज्ञान के अक्रिय गैस की स्थिति जहां इलेक्ट्रान की चंचलता थम जाती है.
'अष्टांगयोग' = यह बौध दर्शन की साधना प्रक्रिया है.
'यम-नियम' = यह योग दर्शन की अष्टांग साधना क्रिया है.
योग -क्षेम' = यह गीता का दर्शन है.
निर्वाण = यह मुक्ति की अंतिम अवस्था है जहां से पुनः जन्म की, दुःख की सारी संभावनाएं समाप्त हो जाती है ठीक उसी प्रकार से जैसे भुने चने से अंकुरण की सारी संभावना समाप्त हो जाती है.
मृग = रामायण का चर्चित स्वर्ण मृग.
'मणि' = पौराणिक चर्चित कौस्तुभ मणि
Saturday, May 21, 2011
प्रेम पाथेय
बात यहाँ प्रेम की है मित्र ! - भटक जाओगे.
अक्षरों को मत पकड़ना - बहक जाओगे.
शब्दों को मत पकड़ना - ठिठक जाओगे.
भाषा को मत पकड़ना - डूब जाओगे.
लिपि को मत पकड़ना - पिघल जाओगे.
इसके अर्थ को पकड़ना - संभल जाओगे.
निहितार्थ को पकड़ना - दौड़ जाओगे.
इसके भाव में डूबना - तर जाओगे.
अक्षरों को मत पकड़ना - बहक जाओगे.
शब्दों को मत पकड़ना - ठिठक जाओगे.
भाषा को मत पकड़ना - डूब जाओगे.
लिपि को मत पकड़ना - पिघल जाओगे.
इसके अर्थ को पकड़ना - संभल जाओगे.
निहितार्थ को पकड़ना - दौड़ जाओगे.
इसके भाव में डूबना - तर जाओगे.
तैरने की कोशिश न करना - गच्चा खाओगे.
डूबने की कोशिश न करना - उछल जाओगे.
कभी संदेह मत करना - मिट जाओगे.
विश्वास को मत तोड़ना - पा जाओगे.
त्याग को मत छोड़ना - छा जाओगे.
समर्पण को मत छोड़ना - बदल जाओगे.
नाम - ग्राम - रंग - रूप - सब भूल जाओगे.
प्रेम का पाथेय लेकर - प्रेमरूप बन जाओगे.
बात प्रेम की है मित्र ! - खुद प्रेम बन जाओगे.
डूबने की कोशिश न करना - उछल जाओगे.
कभी संदेह मत करना - मिट जाओगे.
विश्वास को मत तोड़ना - पा जाओगे.
त्याग को मत छोड़ना - छा जाओगे.
समर्पण को मत छोड़ना - बदल जाओगे.
नाम - ग्राम - रंग - रूप - सब भूल जाओगे.
प्रेम का पाथेय लेकर - प्रेमरूप बन जाओगे.
बात प्रेम की है मित्र ! - खुद प्रेम बन जाओगे.
Saturday, April 16, 2011
धैर्य और सत्साहस को सलाम
संकट और प्राकृतिक आपदाओं में
प्रायः टूट से जाते हैं सामान्य लोग,
हो जाते है बहुत निराश और भ्रमित.
किन्तु देखो जरा साहसी जापान को,
इस घोर आपदा... की बेला में भी...;
है कितना क्रियाशील और संयमित.
है अत्यंत सराहनीय - प्रशंसनीय
जापानियों की दुर्घर्ष जिजीविषा,
अदम्य साहस, अनुपम निष्ठा-धैर्य.
और पुनः - पुनः संभल उठने की
उसकी अद्भुत कला, जीवन शैली.
है वह जानता भलीभांति अब...
रोने से नहीं है काम चलनेवाला.
दिखावे वाले, नकली आंसू वाले,
साथ निभाने का वादा करनेवाले,
आज मिल जायेंगे बहुत ढेर सारे..
लेकिन आगे खुद ही आना होगा,
तो क्यों न तैयार कर लिया जाय,
स्वयं को ही, लाभ क्या निराशा से?
है यह निश्चितरूप से उनके लिए -
एक 'परीक्षा' और 'अपेक्षा' की घड़ी.
लेकिन परीक्षार्थी के लिए अपेक्षा से
कहीं बहुत महत्वपूर्ण है यह 'परीक्षा'.
यह परीक्षा ही करती है मार्ग प्रशस्त;
उन्नत उज्ज्वल भविष्य का निर्धारण.
अपेक्षा तो बनाती है परावलम्बी,
यह है बाधक बनने में स्वावलंबी.
फिर भी है इसका तात्कालिक महत्व.
लेकिन केवल तात्कालिक, प्राथमिक.
जो लोग बना लेते हैं अपेक्षा को ही
अपना मूल धरातल, बन जाते हैं वे
आग्रही - दुराग्रही और परावलम्बी.
धन्य है जापान का अदम्य साहस,
आत्मबल, यह धैर्य और सत्साहस.
उसकी अद्भुत जिजीविषा को सलाम.
जिसके दम पर कर लेगा पुनर्निर्माण.
Wednesday, April 13, 2011
बड़ा कौन-'ज्ञान' या 'परिकल्पना'?
ज्ञान बड़ा है या परिकल्पना?
बोध बड़ा है या कोई संरचना?
अस्तित्व बड़ा या है संरचना?
विचार बड़ा है या कोई रचना?
ज्ञान है; विज्ञान और बोध द्वारा
परीक्षित - प्रमाणित एक नाम.
और स्वयं विज्ञान क्या है?
परिकल्पनाओं का परीक्षण.
और क्या? तथा अस्तित्व है -
इन्हीं मापकों का मापन.
प्रमाणों को भी
प्रमाणित करनेवाला प्रमाण.
और दृश्यमान यह कृत्रिम संरचना?
यह है विज्ञान का लाडला पुत्र,
'तकनीक', जिसके एक हाथ में
है -'ध्वंस' और दूसरे में 'सृजन'.
'विज्ञान' ज्ञानरूप में तो है -
निश्छल - निर्वैर और निस्पृह.
परन्तु तकनीक रूप में भयावह.
उसके ट्रिगर और बटन पर
है शासन संकल्प और
परिकल्पनारूपी उँगलियों का.
परिकल्पना, जिसके मूल में है
एक चाहत, जो होता है विकसित
आचार से, संस्कार से, विचार से.
कि वह विश्व पर करना चाहता है
शासन या बनता है विश्वामित्र.
भाई को समझता है शत्रु या मित्र.
विज्ञान तो है बूढा - लाचार,
थमा दी है उसने अपनी
मशाल बन्दर के हाथ में.
और बन्दर जिसका अपना
कोई घर नहीं होता.. जब भी
जलाएगा दूसरे का ही छप्पर.
श्रम-श्वेद से निर्मित कुटिया.
किन्तु बन्दर को इससे लेना क्या,
डूबे जिस भी गरीब की लुटिया.
विज्ञान मौन है,
तकनीक अश्वत्थामा रूपी
विज्ञान का वह ब्रह्मास्त्र है
जिसे छोड़ा तो जा सकता है
परन्तु लौटाया नहीं जा सकता.
तो कौन संभालेगा-
विज्ञान के इस बिगडैल पुत्र को?
अरे वही जिसने मोड़ी था दिशा,
अश्वत्थामा के ब्रह्मास्त्र का -'कृष्ण'.
आज वही मोड़ेगा विज्ञान के
इस बिगडैल के अस्त्र को.
आज का कृष्ण है -
'नैतिकता' और 'इंसानियत'.
'मानवता', 'दिव्यमानव' की
संकल्पना और परिकल्पना.
हाँ, परिकल्पना जो है देन,
चिन्तक और चिंतन की.
दार्शनिक और दर्शन की.
यह चिंतन ही बन जाता है -
आवश्यक परीक्षण के पश्चात
एक सुनिश्चित ज्ञान, विज्ञान.
हां, परिकल्पना ही है -
सदियों पहले, ज्ञान और विज्ञान के,
मध्य में भी है, ज्ञान और विज्ञान के,
है पश्चात भी, ज्ञान और विज्ञान के.
यह परिकल्पना ही खेल है
उस निर्गुण - निराकार का भी,
जो खेलता है खेल, करता है लीला;
धारण कर विविधरूप सगुण-सरूप का.
यह परिकल्पना ही खेल है
उस निर्गुण - निराकार का भी,
जो खेलता है खेल, करता है लीला;
धारण कर विविधरूप सगुण-सरूप का.
Sunday, April 10, 2011
आत्मोत्सर्ग का स्वरुप
श्रद्धेय श्री अन्ना जी के समर्थन में १४ फ़रवरी को blog 'प्रज्ञान विज्ञान' पर तथा मासिक पत्रिका 'युग गरिमा' लखनऊ से प्रकाशित, के मार्च २०११ अंक में प्रकाशित रचना का पुनः प्रकाशन. इस रचना में कहीं न कहीं उसी भावनावों को जागृत करने की सदीच्छा है जो आज पूरे देश ने कर दिखाया. यह रचना ब्लॉग जगत की ओर से श्री अन्ना जी को ही सादर समर्पित.
समाज में व्याप्त अत्याचार, अनाचार, भ्रष्टाचार शोषण का सामना करते -करते एक दिन वह स्थिति आ जाती है जब अन्दर सोया पुरुषार्थ भी जागृत हो उठता है. नहीं ...अब ...और नहीं...., बहुत दिन सह लिया..बहुत ज्यादा सह लिया..अब और नहीं सहूंगा...मिटा डालूँगा इसे....अन्याय का यह अस्वीकार बोध मानव मन को दो विकल्प उपलब्ध कराता है - प्रथम, हम अन्याय और शोषण की ओर से पूरी तरह विरक्त हो जाय, यह मान लें कि हमारे चरों ओर जो कुछ घटित हो रहा है हम उसके सहभागी नहीं है. हम कुछ नहीं कर सकते. अतएव हमारा कोई दायित्व नहीं. द्वितीय, यह स्थिति अन्याय, शोषण और भ्रष्टाचार से सीधे प्रतिकार और टकराव का है. पहली स्थिति पलायनवादिता है, विवशता और पराधीनता की स्थिति है. दूसरी स्थिति अन्याय से आमने - सामने जूझने की स्थिति है जहां जीवन का मोह निरर्थक हो जाता है. और मृत्यु का वरण पहली अनिवार्य शर्त बन जाती है.जहां मृत्यु के अनजाने भय में भी दायित्व का सौन्दर्य और विवेक का प्रकाश दिखाई देने लगता है. मन बोल ही उठता है - 'पहिला मरण कबूल कर जीवन की छड़ आस', यहाँ मृत्यु की कोई चिंता नहीं और जीवन से कोई मोह भी नहीं. बिना तत्त्वज्ञान के यह होता भी नहीं, वह शक्ति -साहस और ऊर्जा तभी मिलती है जब व्यक्ति में ज्ञान और दायित्व का, कर्त्तव्यबोध का उदय होता है. जब ऐसा होता है तो वह अन्याय और भ्रष्टाचार को सहने से इनकार कर देता है. यह स्थिति पहले भी कई बार आयी है ..और आज भी आ उपस्थित हुई है....
परन्तु आज परिस्थितिया बदल गई है, शस्त्र नहीं उठाना है, अपना काम नियम - कानून और संविधान की परिधि में रहकर पूर्णतया अनुशासित ढंग से करना है. इसके लिए एक मात्र ब्रह्मास्त्र है -"वोट का अधिकार'. सोच-समझकर इसका प्रयोग करना है. हमें बलिदान भी देना होगा, शीश भी कटाना होगा: परन्तु वह शीश होगा जातिवाद का, क्षेत्रवाद का, धर्मवाद का, अलगाववाद का. हमें कुनबे की छोटी सोच की कुर्बानी देनी होगी. राष्ट्रीयता को सर्वोपरि और सर्वोच्च मानकर ही अपना अगला कदम उठाना होगा. व्यक्तिगत हितों की, स्वार्थों की, व्यापक हित के लिए होम करना पडेगा. यदि हम राष्ट्र के नाम पर इस दायित्व बोध को समझ सकें तो यही जागृति है, यही आज का आत्मोत्सर्ग है, अह्मोत्सर्ग है. अहंकारोत्सर्ग है, बलिदान है.. आखिर आप इस देश के संवेदनशील नागरिक हैं, जागरूक है, शूर वीर है. ऐसे ही शूर-वीरों के लिए कबीर ने कहा था कभी - 'सूरा सोई सराहिये जो लड़े दीन के हेतु / पुर्जा पूर्जा कटि मरे ताऊ न छड़े खेत //' . यहाँ मरना नहीं है, मन को मारना है, वह भी स्व के लिए, सर्व के लिए जूझना है मैदान छोड़कर भागना नहीं है..
हम चार दीवारी के अन्दर भले ही हिन्दू रहे या मुसलमान , चार दीवारी के बाहर हम भारतीय हैं और केवल भारतीय हैं.. आज का राष्ट्रधर्म और व्यक्ति धर्म दोनों ही यही है. यहाँ केवल सृजन है...., निर्माण है..., नवीन भारत का पुनर्जागरण है. यह किसी राजनीतिक की भाषा या प्रचार प्रसार नहीं, अपने अंतर्मन की आवाज है जो सिर्फ मित्रों और दोस्तों को हो सुनायी जा सकती है, दूसरों को नहीं. आज यही कार्य एक दायित्व मानकर राष्ट्रीयहित में एक आह्वान और एक निवेदन दोनों है. हमें अवांछनीय कार्यो को दृढ़ता से रोकना होगा. शार्टकट के सारे रास्ते और सुविधाशुल्क के प्रचलन पर दृढ़ता से रोक लगाना होगा. कम से कम हम स्वयं तो यह कार्य न करें. न अपनों को करने दे. संख्या हमारी अवश्य बढ़ेगी. आखिर हम भ्रष्टाचार, अनाचार, अत्याचार को कब तक सहें........क्यों सहें .......?
Subscribe to:
Posts (Atom)